Google Analytics —— Meta Pixel

चार साल में 9 सेलिब्रिटीज पर फायरिंग, अब निशाने पर एक्टर टाइगर श्रॉफ, लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से बढ़ी चिंता

Indian Celebrity Firing News: एक्टर अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना ने एक बार फिर बॉलीवुड एक्टर्स और चर्चित हस्तियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले चार सालों में सलमान खान, रोहित शेट्टी, कपिल शर्मा, एपी ढिल्लों और सिद्धू मूसेवाला समेत कई कलाकारों को गोलीबारी या जानलेवा हमलों का सामना करना पड़ा है। कुछ मामलों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग और उससे जुड़े नेटवर्क के नाम सामने आए हैं, जबकि अन्य घटनाओं में अलग-अलग गैंगों ने हमलों की जिम्मेदारी ली। टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब इन घटनाओं और कलाकारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पिछले चार सालों में जिन 9 चर्चित हस्तियों पर हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें फिल्म एक्टर, गायक और सोशल मीडिया से जुड़े चर्चित चेहरे शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:- बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, 23 अक्टूबर को जगदलपुर आएंगी

जून 2026 में दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गायक गुरु रंधावा पर जिम के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की थी। दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद लॉरेंस बिश्नोई और अनिल पंडित से जुड़े नेटवर्क के शूटरों को गिरफ्तार किया था। इस मामले ने राजधानी में चर्चित हस्तियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई के जुहू स्थित शेट्टी टावर के बाहर 1 फरवरी 2026 को फायरिंग की घटना सामने आई थी। जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने 7.62 एमएम पिस्टल से गोलियां चलाई थी। जांच के दौरान लॉरेंस बिश्नोई और शुभम लोनकर से जुड़े नेटवर्क का नाम सामने आया। इस घटना ने फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ाई। कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा के सरे स्थित कैप्स कैफे पर 15 अक्टूबर 2025 को हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग की थी। इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों और कुलदीप सिद्धू ने ली थी। विदेश में भारतीय मनोरंजन जगत से जुड़े व्यक्ति के प्रतिष्ठान को निशाना बनाए जाने के बाद मामले ने व्यापक चर्चा बटोरी। (Indian Celebrity Firing News)

17 अगस्त 2025 को एल्विश यादव के घर पर फायरिंग

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और रियलिटी शो विजेता एल्विश यादव के गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित घर पर 17 अगस्त 2025 को बाइक सवार तीन हमलावरों ने पर 25 से 30 राउंड गोलियां चलाई थी। हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया से जुड़े गैंग ने सट्टेबाजी ऐप के विरोध में इस हमले का दावा किया था। यह घटना डिजिटल दुनिया में चर्चित चेहरों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करती है। कनाडा के वैंकूवर में पंजाबी गायक एपी ढिल्लों के घर के बाहर सितंबर 2024 में फायरिंग और वाहनों में आगजनी की घटना सामने आई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा से जुड़े गैंग द्वारा लेने का दावा किया गया था। विदेश में हुई इस घटना ने पंजाबी संगीत जगत से जुड़े कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई।

सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के मुंबई के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर 14 अप्रैल 2024 को बाइक सवार हमलावरों ने पांच राउंड गोलियां चलाई थीं। इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया और गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया गया। घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया। यह मामला फिल्म इंडस्ट्री में गैंगस्टर धमकियों को लेकर सबसे चर्चित घटनाओं में शामिल रहा। पंजाबी एक्टर और गायक गिप्पी ग्रेवाल के कनाडा के वैंकूवर स्थित व्हाइट रॉक इलाके में घर के बाहर 25 नवंबर 2023 को फायरिंग की गई थी। इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली थी। विदेश में कलाकारों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों के सामने सीमा पार से संचालित होने वाले आपराधिक नेटवर्क की चुनौती को उजागर किया।

29 मई 2022 को सिद्धू मूसेवाला की हत्या

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर 30 से अधिक राउंड गोलियां चलाई थी। इस हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ से जुड़े नेटवर्क का नाम सामने आया था। यह घटना देश में चर्चित हस्तियों पर हुए सबसे गंभीर हमलों में गिनी जाती है। इन घटनाओं के बीच टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग ने एक बार फिर कलाकारों की सुरक्षा पर बहस तेज कर दी है। जानकारी के मुताबिक हमलावरों को पता था कि टाइगर श्रॉफ रविवार को जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने जाते हैं। इसी दौरान मैदान से निकलते समय उनकी कार को निशाना बनाया गया। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने वारदात से पहले उनकी दिनचर्या पर नजर रखी थी। फायरिंग के बाद पुलिस ने राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। जांच में लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित का नाम सामने आने की बात कही गई है। (Indian Celebrity Firing News)

कलाकारों की सुरक्षा और गैंग नेटवर्क पर सवाल

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने यह सवाल खड़ा किया है कि चर्चित हस्तियों की सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए।अब जरूरी है कि प्रत्येक मामले में आरोपों, पुलिस जांच और अदालत में साबित तथ्यों के बीच अंतर रखा जाए। टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में आरोपियों को हिरासत में लिया जाना जांच की दिशा में अहम कदम है। अब पुलिस की जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि हमले के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, साजिश किसने रची और क्या इसके तार अन्य आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हैं। कोटा रेलवे स्टेशन से तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस का फोकस फायरिंग की पूरी साजिश का खुलासा करने पर है। जांच एजेंसियां आरोपियों के गैंग कनेक्शन, हथियारों की व्यवस्था और हमले के पीछे की वजह का पता लगा रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि टाइगर श्रॉफ की दिनचर्या की जानकारी हमलावरों तक कैसे पहुंची और इस साजिश में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही। घटना के बाद अभिनेता की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है। अब पुलिस की पूछताछ और जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि इस वारदात को किसके इशारे पर अंजाम दिया गया और इसके पीछे क्या मकसद था।

Back to top button
error: Content is protected !!