छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 3 महिलाओं को कुचला, मां की लाश से लिपटकर रोती रही मासूम
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन महिलाओं को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना NH-130 स्थित भिट्ठीकला गांव की है, जहां महिलाएं बाजार से लौट रही थीं।
यह भी पढ़े :- अमित जोगी को उम्रकैद, 2003 के रामावतार जग्गी हत्याकांड में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
हादसे के बाद सड़क पर पड़ी मां की लाश देखकर एक मासूम बच्ची बिलखती रही, जिससे माहौल और भी गमगीन हो गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी ड्राइवर को पकड़कर जमकर पीटा और शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो (CG 15 EH 8874) अंबिकापुर से लखनपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन ने पहले दो महिलाओं को टक्कर मारी और फिर आगे बढ़कर तीसरी महिला को भी कुचल दिया। तेज रफ्तार के कारण वाहन आगे जाकर एक ट्रेलर से टकराने के बाद रुका।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मणिपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर को हिरासत में लिया और हालात को काबू में करने की कोशिश की। समाचार लिखे जाने तक हाईवे पर 3 से 4 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा, जबकि पुलिस ग्रामीणों को समझाइश देने में जुटी हुई है।
घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।



