Google Analytics —— Meta Pixel

लालबाग गणपति पंडाल के पास करंट लगने से दो की मौत, चार घायल

मुंबई। गणेशोत्सव के उत्साह के बीच मुंबई के लालबाग इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। कालाचौकी स्थित दत्ताराम लाड मार्ग पर गणपति पंडाल के पास करंट लगने से एक आठ वर्षीय बच्ची और एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना तड़के करीब 2:20 बजे कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास हुई। जिस समय हादसा हुआ, उस दौरान लालबाग क्षेत्र में गणेश दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीमें

नागरिक अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मुंबई फायर ब्रिगेड को तड़के 2:42 बजे मिली। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, बेस्ट (BEST) के तकनीकी दल और स्थानीय वार्ड कार्यालय के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव अभियान शुरू करते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में से पांच लोगों को बायकुला स्थित मसीना अस्पताल ले जाया गया, जबकि अन्य घायल को परेल के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आठ वर्षीय बच्ची की अस्पताल पहुंचते ही मौत

अस्पताल सूत्रों और नागरिक अधिकारियों के अनुसार, आठ वर्षीय रागिनी घनश्याम यादव को मसीना अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, ग्लोबल अस्पताल में भर्ती एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। महिला की पहचान और अन्य जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

मसीना अस्पताल में भर्ती अन्य घायलों की पहचान किरण अकबर नाइक (19), तन्वी नरश हांडे (19), साहिल संदीप तारे (19) और रूही सिंह (12) के रूप में हुई है। सभी का इलाज जारी है।

हादसे की जांच में जुटी एजेंसियां

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और करंट फैलने की वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

गणेशोत्सव के दौरान लालबाग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पंडाल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

यह भी पढ़े :- दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह दूसरी बार बने माता-पिता, बेटी का हुआ जन्म, 2 साल की दुआ बनी बड़ी बहन

Back to top button
error: Content is protected !!