ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को पिकअप ने कुचला, प्रधान आरक्षक की मौत
रायपुर । धमतरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, Chhattisgarh Police के कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे 19-20 मई की रात गश्त ड्यूटी पर थे। दोनों बाइक से सिहावा चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 3:30 बजे संजय आर्ट्स के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक वाहन समेत बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रधान आरक्षक विजय बैरागी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल नगर सैनिक दिलीप पांडे को तत्काल मसीही अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। इस दुखद हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
यह भी पढ़े :- PM नरेंद्र मोदी संग नॉर्डिक देशों की एकजुट आवाज, वैश्विक संकट, युद्ध और बदलती विश्व व्यवस्था पर जताई गहरी चिंता



