झाड़-फूंक और जमीन विवाद में रिश्तों का खून, कलयुगी भतीजे ने बुजुर्ग चाचा की गला रेतकर की हत्या

Uncle Murder in Balrampur: बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां झाड़-फूंक में प्रतिस्पर्धा और जमीन विवाद के चलते एक भतीजे ने अपने ही बुजुर्ग चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना 15 जनवरी की है। कालिकापुर के अनिल यादव (22) ने रामचंद्रपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके दादा देवशरण यादव उर्फ लुख्खर यादव रोजाना की तरह गाय-भैंस चराने घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ की कला आयरलैंड तक पहुँची
परिजनों और ग्रामीणों की खोजबीन करने पर कुरसा नाला के ऊपर टांड में उनका शव संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसकी गर्दन कटी हुई थी। रिपोर्ट के आधार पर रामचंद्रपुर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव वेंकट रमनलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी और एसडीओपी रामानुजगंज बाजीलाल सिंह के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं जैसे जमीन विवाद, पारिवारिक रंजिश और अंधविश्वास को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई।
मुखबिर की सूचना से भतीजे पर गया शक
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस का शक मृतक के भतीजे देवकुमार यादव (38) पर गया। आरोपी को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले दो सालों से उसका अपने चाचा देवशरण यादव से जमीन विवाद चल रहा था। इसके अलावा दोनों गांव में झाड़-फूंक का काम करते थे। मृतक बिना पैसे लिए झाड़-फूंक करता था, जिस कारण ग्रामीणों का विश्वास उस पर ज्यादा था। इससे आरोपी का काम लगभग ठप हो गया था और उसे सामाजिक अपमान भी झेलना पड़ रहा था। इसी रंजिश के चलते वह चाचा से गहरी नफरत रखने लगा था और कई बार जान से मारने की धमकी भी दे चुका था। (Uncle Murder in Balrampur)

सोची-समझी साजिश के तहत की हत्या
आरोपी ने बताया कि घटना के दिन गांव में मानदेव के छोटे बच्चे का दाह संस्कार था। उसे पता था कि मानदेव बाहर काम करता है और उसी दिन गांव आने वाला है। आरोपी ने साजिश रची कि हत्या के बाद शक मानदेव पर जाएगा, क्योंकि उसका भी मृतक से झाड़-फूंक को लेकर पुराना विवाद था। योजना के तहत आरोपी ने मृतक को मोबाइल गुम होने का बहाना बनाकर कुरसा नाला की ओर ले गया। बातचीत में उलझाकर उसने मृतक की कुल्हाड़ी उठाई और पीछे से सिर पर वार कर दिया। जमीन पर गिरने के बाद कुल्हाड़ी के धारदार हिस्से से गले पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही देवशरण यादव की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को जंगल में छोड़कर फरार हो गया। (Uncle Murder in Balrampur)
लालच ने तोड़े रिश्ते
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पर्याप्त प्रमाण मिलने के बाद देवकुमार यादव को 20 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। रामचंद्रपुर विकासखंड में यह घटना जमीन विवाद और आपसी रंजिश की भयावह तस्वीर पेश करती है, जहां लालच और प्रतिस्पर्धा ने खून के रिश्तों को भी शर्मसार कर दिया। पुलिस ने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने और किसी भी विवाद को कानूनी तरीके से सुलझाने की अपील की है। (Uncle Murder in Balrampur)



