ट्रंप ने भारत से ट्रेड डील पर बातचीत से किया इनकार, कहा- पहले टैरिफ मामला सुलझे, फिर होगी बात
US President Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से ट्रेड डील पर बातचीत से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक टैरिफ विवाद का हल नहीं निकल जाता, तब तक इस पर बात शुरू नहीं होगी। इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि भारत से ट्रेड डील पर बातचीत के लिए अमेरिकी अधिकारियों का एक दल इसी महीने भारत आने वाला है। बता दें कि भारत पर अमेरिकी टैरिफ अब कुल 50 प्रतिशत हो गया है। ट्रंप ने बुधवार को एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन कर 25% टैरिफ बढ़ा दिया था, जो 27 अगस्त से लागू होगा। इसके अलावा गुरुवार से भारत पर 25% टैरिफ लागू हो गया है। एग्जीक्यूटिव ऑर्डर में कहा गया है कि रूसी तेल खरीद की वजह से भारत पर यह कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें:- NSA अजीत डोभाल ने की रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात, ट्रंप के टैरिफ वार के बीच भारत आएंगे पुतिन
वहीं अमेरिकी विदेश विभाग ने भारत को एक रणनीतिक साझेदार बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि अमेरिका भारत के साथ स्पष्ट और खुली बातचीत कर रहा है, भले ही टैरिफ विवाद के चलते दोनों देशों के संबंधों में तनाव बना हुआ है। टॉमी के मुताबिक ट्रंप ने व्यापार असंतुलन और रूसी तेल की खरीद को लेकर अपनी चिंताएं बहुत स्पष्ट तरीके से जाहिर की हैं। साथ ही सीधी कार्रवाई भी की है। उन्होंने मतभेदों को सीधे संवाद के जरिए सुलझाने के लिए कहा है। टैरिफ विवाद के बीच ट्रंप के सलाहकार पीटर नवारो ने भारत को ‘टैरिफ का महाराजा’ कहा है। नवारो ने कहा कि भारत अमेरिकी सामानों पर दुनिया में सबसे ज्यादा टैरिफ और नॉन-टैरिफ बाधाएं लगाता है। इससे अमेरिकी प्रोडक्ट्स को भारतीय मार्केट में एंट्री करने में मुश्किल होती है। (US President Donald Trump)
सेकेंडरी सैंक्शंस लगाने की चेतावनी
उन्होंने कहा कि भारत अमेरिकी डॉलर का इस्तेमाल रूसी तेल खरीदने के लिए करता है। फिर रूस उन डॉलर का इस्तेमाल हथियार बनाने में करता है, जिनसे यूक्रेन में लोग मारे जा रहे हैं। इसके बाद अमेरिकी टैक्सपेयर्स को यूक्रेन की रक्षा के लिए हथियारों पर खर्च करना पड़ता है। यह गणित ठीक नहीं है। चीन पर सामान कार्रवाई न करने के सवाल पर नवारो ने कहा कि चीन पर पहले से ही 50% से ज्यादा टैरिफ हैं। हम ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहते, जिससे हमें नुकसान हो। बता दें कि ट्रंप ने भारत पर और ज्यादा प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा था कि अभी तो बहुत कुछ होना बाकी है। बहुत सारे सेकेंडरी सैंक्शंस आने वाले हैं, जो चीन जैसे कई देशों पर लागू हो सकते हैं, जो रूस से तेल खरीद रहे हैं। (US President Donald Trump)



