सूदखोरी और वसूली केस: तोमर बंधुओं की अग्रिम जमानत पर हाईकोर्ट में संयुक्त सुनवाई, सरकार ने बताया अपराधी रिकॉर्ड
Chhattisgarh News : चर्चित तोमर बंधुओं की अग्रिम जमानत याचिकाओं पर अब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में संयुक्त रूप से सुनवाई होगी। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की सिंगल बेंच ने सभी पांचों याचिकाओं को एक साथ सुनने का फैसला लिया है। हालांकि, सुनवाई फिलहाल एक सप्ताह के लिए टल गई है।
यह भी पढ़े :- अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना से श्रमिक बच्चों को मिलेगा बेहतर भविष्य : मुख्यमंत्री साय
राज्य सरकार की ओर से दाखिल शपथपत्र में कहा गया है कि वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड है और वे लंबे समय से सूदखोरी के धंधे में सक्रिय हैं। रायपुर एसएसपी ने भी कोर्ट में बताया कि दोनों भाई जरूरतमंदों को ऊंचे ब्याज पर पैसे देकर जबरन वसूली करते हैं और पैसा न चुकाने पर डराने-धमकाने का काम करते हैं। (Chhattisgarh News)
वहीं, बचाव पक्ष ने पुलिस पर दबाव में कार्रवाई करने और आरोपियों को आर्गेनाइज्ड क्राइम केस में फंसाने का आरोप लगाया। दोनों आरोपी करीब दो महीने से फरार हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट पहुंचे हैं।
इससे पहले सेशन कोर्ट ने उन्हें 18 अगस्त तक सरेंडर करने का आदेश दिया था और उद्घोषणा भी जारी की थी। लेकिन उद्घोषणा लागू होने से पहले ही उन्होंने अग्रिम जमानत याचिका दाखिल कर दी।
गौरतलब है कि तोमर बंधुओं के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा और पुरानी बस्ती थानों में सूदखोरी और वसूली से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में उनके घर से भारी मात्रा में नकदी, चेक और जमीनों के दस्तावेज जब्त किए गए थे। अब तक उनके खिलाफ सात अलग-अलग FIR दर्ज की जा चुकी हैं। (Chhattisgarh News)



