आज रायपुर आएंगे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल

Vice President Raipur Tour: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज यानी 6 नवंबर को राज्य अलंकरण और राज्योत्सव-2024 के समापन समारोह में शामिल होने के लिए राजधानी रायपुर आएंगे। छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण समारोह और राज्योत्सव का समापन समारोह उपराष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव ग्राउंड में शाम 6 बजे से होगा। जारी कार्यक्रम के मुताबिक उपराष्ट्रपति धनखड़ दिल्ली से शाम 3.55 बजे विशेष विमान से रवाना होकर शाम 5.40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति वहां से राज्योत्सव मेला ग्राउंड जाएंगे और राज्य अलंकरण-राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति इसके बाद वहां से रात 7.30 बजे रायपुर एयरपोर्ट जाएंगे और वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : अपनी विरासत को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प लें : डेका
उपराष्ट्रपति धनखड़ अलग-अलग क्षेत्र की विभूतियों को छत्तीसगढ़ राज्य अंलकरण सम्मान से विभूषित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। बता दें कि तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2024 का भव्य आयोजन 4 नवंबर से 6 नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर में हो रहा है। 6 नवंबर को राज्य अलंकरण और राज्योत्सव का समापन होगा। राज्योत्सव का शुभारंभ 4 नवंबर को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में हुआ था। राज्योत्सव के दौरान कार्यक्रम स्थल में प्रतिदिन शाम से लेकर देर रात तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। (Vice President Raipur Tour)
राज्योत्सव के समापन समारोह में ये होंगे शामिल
6 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत अनुराग शर्मा द्वारा अनुराग स्टार नाईट, मनोज प्रसाद द्वारा इंडियाज गॉट टैलेंट मल्लखंभ, सवि श्रीवास्तव द्वारा जादू बस्तर और पवनदीप समेत अरूनिता के पार्श्व गायन की प्रस्तुति होगी। राज्य अलंकरण और राज्योत्सव के समापन समारोह में डिप्टी CM अरुण साव, विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, दयाल दास बघेल, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, गुरू खुशवंत साहेब, इन्द्र कुमार साहू और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि होंगे। (Vice President Raipur Tour)



