Google Analytics —— Meta Pixel

उपराष्ट्रपति पद के लिए कल होगा चुनाव, विपक्ष ने कहा- इस चुनाव में अंतर आत्मा की आवाज के आधार पर मतदान होगा

Vice Presidential Election 2025: दिल्ली में कल होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल, आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात की। इसे लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि जिस व्यक्ति ने पूरे जीवन न्यायपालिका की सेवा की। वंचित समाज की आवाज बनने का काम किया। उनको ताकत देना हमारी जिम्मेदारी है। मुझे उम्मीद है कि एक मजबूत उपराष्ट्रपति हमें मिलेंगे। इनके नेतृत्व में राज्यसभा में जनहित के मुद्दों पर मजबूत चर्चा देखने को मिलेगी। RLP अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने कहा कि हम इन्हें समर्थन देने आए हैं। कल चुनाव है, हम इन्हें वोट देंगे। इन्होंने हमेशा अपने पद की गरिमा का ध्यान रखा है। बहुत सारे लोग क्रॉस वोटिंग करेंगे। ऐसा हमें लग रहा है। 

यह भी पढ़ें:- प्रदेश में सौर ऊर्जा से उपभोक्ता बन रहे ऊर्जा दाता : मुख्यमंत्री साय

वहीं दिल्ली में उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया के संबंध में विपक्षी सांसद संसद के सेंट्रल हॉल में मॉक पोल में शामिल हुए। समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि INDIA गठबंधन बहुत मज़बूत स्थिति में है। विपक्ष पूरी तरह एकजुट है, क्योंकि अंतर बहुत कम है इसलिए हमें उम्मीद है कि हमारे उम्मीदवार की जीत होगी। इसलिए मॉक ड्रिल की गई ताकि गलत वोटिंग की कोई संभावना न रहे। शिवसेना (UBT) सांसद अनिल देसाई ने कहा कि कल होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए सभी अहम मुद्दों पर विचार किया गया। पूरा विपक्ष एकजुट है। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मॉक पोल कराया गया। छोटी-छोटी बातों को भी समझाया गया ताकि कोई गलती न हो। (Vice Presidential Election 2025)

हम पर चुनाव थोपा गया: प्रियंका चतुर्वेदी

शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि वोट डालने के तरीके से साफ हो जाएगा कि कौन किस तरफ है, कौन संविधान के पक्ष में है और कौन संविधान के खिलाफ। आने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में, हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि यह चुनाव हम पर क्यों थोपा गया है। यह इसलिए थोपा गया है क्योंकि उन्होंने एक उपराष्ट्रपति का कार्यकाल काटकर नया उपराष्ट्रपति चुनने की सोची, यह भाजपा ने किया है। YSRCP, BJD और जो भी तथाकथित तटस्थ दल हैं, वे किस तरफ़ वोट देंगे, इससे यह साफ हो जाएगा कि वे संविधान विरोधियों के साथ खड़े हैं या संविधान की रक्षा करने वालों के साथ। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि कल भारत के उपराष्ट्रपति पद के महत्वपूर्ण चुनाव हैं। इसलिए आज विपक्षी सांसद कल की योजनाओं पर चर्चा करने आए हैं, यहां का माहौल बहुत सकारात्मक है। (Vice Presidential Election 2025)

रेड्डी किसी राजनीतिक दल से नहीं हैं: JMM सांसद

JMM सांसद महुआ माजी ने कहा कि हमारे उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी किसी राजनीतिक दल से नहीं हैं। वे एक न्यायाधीश रह चुके हैं। उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति भी होते हैं, उन्हें पक्षपात नहीं करना चाहिए। क्योंकि इसमें कोई व्हिप जारी नहीं होता, इसलिए सभी अपनी अंतरात्मा की आवाज पर वोट करते हैं। इसलिए हम सभी सांसदों से अपील कर रहे हैं कि अगर आप उपराष्ट्रपति पद के लिए किसी निष्पक्ष व्यक्ति को चुनेंगे, तो वह सबके साथ न्याय कर पाएंगे। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए सभी को INDIA गठबंधन के उम्मीदवार का साथ देना चाहिए। हमने सत्यपाल मलिक, जगदीप धनखड़, चुनाव आयोग का हश्र देखा है, BJD, चंद्रबाबू नायडू को भी एहसास है कि कैसे भाजपा ने उन्हें खंजर घोंपा। इसलिए अगर हमें देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक विचारों को बचाना है तो सभी को INDIA गठबंधन के उम्मीदवार को वोट देना होगा। (Vice Presidential Election 2025)

चुनाव होना बहुत जरूरी है: DMK सांसद

DMK सांसद कनिमोझी ने कहा कि यह चुनाव होना बहुत जरूरी है, क्योंकि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का एक हिस्सा है और इसका मतलब यह नहीं है कि हमें इसे बिना चुनौती दिए छोड़ देना चाहिए, चाहे NDA से कोई भी उम्मीदवार हो। हमें वोटों की गिनती का इंतज़ार करना चाहिए। नागरिक इस बारे में बहुत स्पष्ट हैं कि यह एक वैचारिक लड़ाई है। यह किसी व्यक्ति विशेष के बारे में नहीं है। यह एक वैचारिक लड़ाई है और यह लोकतंत्र की लड़ाई है। समाजवादी पार्टी सांसद राजीव राय ने कहा कि तैयारियां मजबूत हैं। हमारी पार्टी की ताकत का अंदाजा सभी को होना चाहिए। मैं (सपा)राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार भी व्यक्त करता हूं कि देश और हमारी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने एक ऐसे प्रत्याशी को समर्थन देने का फैसला लिया है, जो उस पद पर बैठकर सबसे उपयुक्त साबित होंगे। यह लड़ाई एक तरफ संविधान में विश्वास रखने वालों और दूसरी तरफ एक ऐसी विचारधारा के बीच है जो देश के राजनीतिक, सामाजिक ताने-बाने के लिए अच्छी नहीं है। निश्चित तौर पर देश के लोग यही चाहेंगे कि संविधान पर बात करने वाले, संविधान की रक्षा करने वालों का हम साथ दें। (Vice Presidential Election 2025)

अंतर आत्मा की आवाज के आधार पर मतदान होगा: प्रमोद तिवारी

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने उपराष्ट्रपति चुनाव पर कहा कि इस चुनाव में अंतर आत्मा की आवाज के आधार पर मतदान होगा और जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी जीतेंगे क्योंकि वे किसी राजनीतिक दल के उम्मीदवार नहीं है या किसी चुनाव चिन्ह पर नहीं लड़ रहे हैं। पहले पीएम मोदी जवाब दें कि पिछले उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ योग्यतम थे लेकिन आपने उन्हें अपमानजनक ढ़ंग से क्यों हटाया? अपमानजनक इसलिए क्योंकि उनका विदाई समारोह भी आपने नहीं करने दिया। हम पांच साल के लिए एक उपराष्ट्रपति चाहते हैं। सर्वाधिक योग्य उम्मीदवार यदि कोई है तो वह हैं बी सुदर्शन रेड्डी जो उपराष्ट्रपति बनेंगे। शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि उपराष्ट्रपति पद के लिए देश के सांसद राज्यसभा और लोकसभा में मतदान कर रहे हैं। यह एक जटिल प्रक्रिया है। उपराष्ट्रपति पद का चुनाव, देश के संविधान की रक्षा के लिए है। हमारे पूर्व उपराष्ट्रपति कहां हैं या किस हालत में हैं, यह नहीं पता। (Vice Presidential Election 2025)

हमारे पूर्व उपराष्ट्रपति कहां हैं ?: संजय राउत

संजय राउत ने कहा कि जब तक जगदीप धनखड़ सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज नहीं करवाते हैं, तब तक हम यह सवाल पूछते रहेंगे कि हमारे पूर्व उपराष्ट्रपति कहां हैं ? लोगों की स्वतंत्रता खतरे में है। सभी सांसदों को देश की आत्मा क्या चाहती है या उनकी अंतर्आत्मा क्या चाहती है, इसे ध्यान में रख कर वोटिंग करनी चाहिए। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि चुनाव कोई भी हो, वह महत्वपूर्ण होता ही है। लेकिन कल जो उपराष्ट्रपति का चुनाव होने जा रहा है, यह अपने आप में बहुत ही महत्वपूर्ण चुनावों में से एक है। क्योंकि यह चुनाव ऐसे समय पर हो रहा है जब संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार पर खतरा बना हुआ है। ऐसी स्थिति में मेरा विनम्र निवेदन है कि राजनीति से और पार्टी से ऊपर उठ कर आत्मा की पुकार को सुनें, देश के हालात को देखते हुए और तब वोट दें। आज हमें संविधान बचाने की जरूरत है क्योंकि संविधान बचेगा तो देश बचेगा। मुझे उम्मीद है कि इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए ही मत दिए जाएंगे। (Vice Presidential Election 2025)

Back to top button
error: Content is protected !!