बृजभूषण केस में कोर्ट के फैसले से विनेश-बजरंग नाराज, फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देने का किया ऐलान

Vinesh Bajrang on Brijbhushan: महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में WFI के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को बरी करने पर महिला पहलवान और हरियाणा की जुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हमें सड़क पर उतरने और सत्ताधारी पार्टी के एक बाहुबली नेता के खिलाफ FIR दर्ज करवाने के लिए बहुत हिम्मत जुटानी पड़ी थी। सत्ता और अपने बाहुबल के दम पर बृजभूषण ने कई लड़कियों को डराकर उनके नाम वापस करवाए हैं, लेकिन कई महिला पहलवान खड़ी रहीं और कोर्ट में बृजभूषण के खिलाफ लड़ाई लड़ती रहीं।
यह भी पढ़ें:- बृजभूषण शरण सिंह यौन उत्पीड़न केस में बरी, बोले- होइहि सोइ जो राम रचि राखा, बेटे करण ने कहा- यह सच्चाई की जीत
उन्होंने आगे कहा कि हमें इस बात का बहुत दुख है कि अदालत ने बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों के लगाए गए यौन हिंसा के आरोपों में दोषी नहीं माना। शुरू दिन से ही सारा तंत्र, सरकार और ये सिस्टम बृजभूषण को बचाने के लिए लगा हुआ है। महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को इस फैसले के खिलाफ अपील करने का निर्देश दे दिया है और यह जल्द से जल्द की जाएगी। हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और पहलवान अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा कि आज का जो फैसला है उससे ये साफ हो गया है की सारी ताकत उनके पास है। सब कुछ है उनके पास। उन्होंने गवाह तोड़ दिए। हमें नहीं समझ आ रहा की किस आधार पर उन्हें बरी किया गया है। उन्होंने कहा कि वे इस फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती देंगे। देश की महिला पहलवानों का संघर्ष न्याय के लिए था और जब तक उन्हें पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।

द्रोणाचार्य अवॉर्डी और विनेश के ताऊ महावीर फोगाट ने कहा कि कोर्ट का फैसला सर्वमान्य है। उसे कौन बदल सकता है। सभी पहलवानों ने अपनी लड़ाई लड़ी, लेकिन आखिर में फैसला कोर्ट को ही करना था। कोर्ट से बड़ा इस देश में कोई नहीं है। वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार एक तरफ महिला सशक्तीकरण, महिला आरक्षण और युवाओं के साथ होने की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ उसके काम इन दावों से मेल नहीं खाते। ब्रजभूषण मामले में जो हुआ, उससे सरकार की कथनी और करनी का फर्क सामने आया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो वे कहते हैं कि वे युवा पीढ़ी के साथ हैं, महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण की बात करते हैं और दूसरी तरफ ये। (Vinesh Bajrang on Brijbhushan)

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि आगे कानूनी प्रक्रिया चलेगी। संभव है कि इस फैसले के खिलाफ अपील की जाए। सबसे जरूरी बात यह है कि कानून को अपना काम करने दिया जाए। जब तक न्यायिक प्रक्रिया पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती, तब तक इस पर जल्दबाजी में कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ब्रजभूषण को बरी किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले में सबूत और गवाह मौजूद थे। फिर भी ऐसा फैसला आया। इससे लोगों के मन में कई सवाल खड़े होंगे।
इंसाफ ना हो तब दुख तो सभी को होता है: शैलजा
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि कैसे भूल सकते हैं उस समय हमारी बेटियों के साथ जो हुआ और किस कारण से उन्हें सड़क पर आना पड़ा। आंदोलन करना पड़ा, कैसे उनके रोका गया लोग भूलते नहीं हैं। अदालत ने क्या किया है उस पर क्या टिप्पणी करें। आगे और रास्ते होते हैं उस देखा जाएगा। बेटियां इतना संघर्ष करके आती हैं और उनके साथ जो इंसाफ ना हो तब दुख तो सभी को होता है। इस बीच पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने फिर दोहराया कि मैं अपने आप को अपराधी नहीं मानता हूं। ना ही मैंने पहले दिन माना और ना ही बाद में क्योंकि मैं अपने आप को देख रहा था और जो मेरा विश्वास था वही आज मेरे सामने है। ये आरोप झूठा था, सोचा-समझा षड्यंत्र था जिसमें देश की कई पार्टियां शामिल हो गईं। ये खिलाड़ियों का आंदोलन न रहकर केवल विपक्ष का आंदोलन बन गया था।
मैं न तनाव में था और न ही हूं: बृजभूषण
बृजभूषण ने कहा कि मुझे न्यायपालिका से आज क्लीन चिट मिली और मैं न तनाव में था और न ही हूं। उन्होंने आगे कहा कि किसी भी चीज के पीछे कोई न कोई कारण होता है। ये आरोप न केवल मेरे ऊपर लगा है बल्कि देश में हजारों की संख्या में लोग हैं, जिनके ऊपर ये आरोप लग रहे हैं। आज ये प्रचलन हो चुका है। इससे लोगों को ताकत मिलेगी कि अगर उन पर झूठे आरोप लगते हैं तो उससे डरने के बजाय लड़ने की आवश्यकता है। मेरी छवि कभी बिगड़ी ही नहीं। इस मामले के पहले मेरे कार्यक्रमों में जितनी भीड़ हुआ करती थी उतनी ही आज है। मेरी छवि कभी खराब नहीं हुई, क्योंकि ये आरोप झूठे थे। WFI अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि ब्रजभूषण पर लगे आरोप बेबुनियाद और राजनीतिक थे। इस विवाद से भारतीय कुश्ती को नुकसान हुआ। अगर यह मामला नहीं होता तो भारत ओलंपिक में 4 और पदक जीत सकता था।
क्या है पूरा मामला ?
जनवरी 2023 में देश के शीर्ष पहलवानों विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया समेत कई खिलाड़ियों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। खिलाड़ियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देकर कार्रवाई की मांग की थी। पहलवानों का आरोप था कि एक नाबालिग समेत छह महिला पहलवानों ने शिकायत की थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद अप्रैल 2023 में दिल्ली पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज कीं। इनमें एक पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत और दूसरी छह महिला पहलवानों की शिकायत के आधार पर थी। बाद में नाबालिग पहलवान ने अपना बयान वापस ले लिया, जिसके बाद पॉक्सो मामले में कोर्ट ने क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार कर ली। (Vinesh Bajrang on Brijbhushan)
राउज एवेन्यू कोर्ट ने किया बरी
दिल्ली पुलिस ने जून 2023 में वयस्क महिला पहलवानों की शिकायतों के आधार पर चार्जशीट दाखिल की। मई 2024 में अदालत ने आरोप तय कर ट्रायल शुरू किया। करीब तीन साल तक चले मुकदमे में 127 सुनवाई हुईं और 32 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। 2 जुलाई 2026 को अंतिम बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। 3 अगस्त 2026 को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने साक्ष्यों के आधार पर आरोप साबित नहीं होने पर बृजभूषण शरण सिंह और पूर्व WFI सचिव विनोद तोमर को बरी कर दिया। करीब साढ़े तीन साल तक चले इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब ट्रायल कोर्ट का फैसला आ चुका है और बृजभूषण शरण सिंह व विनोद तोमर को बरी कर दिया गया है। हालांकि कानूनी लड़ाई यहीं खत्म नहीं हुई है। क्योंकि पहलवानों ने इस फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती देने की बात कही है। ऐसे में इस बहुचर्चित मामले पर अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या यह फैसला अंतिम साबित होगा या फिर मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचेगा।



