Google Analytics —— Meta Pixel

बृजभूषण शरण सिंह यौन उत्पीड़न केस में बरी, बोले- होइहि सोइ जो राम रचि राखा, बेटे करण ने कहा- यह सच्चाई की जीत

Brij Bhushan Singh: महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में WFI के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व सचिव विनोद तोमर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बरी कर दिया है। इस पर बृजभूषण ने कहा कि होइहि सोइ जो राम रचि राखा। सबसे पहले कोर्ट ने कहा कि ब्रजभूषण सिंह और विनोद तोमर को बाइज्जत बरी किया जाता है। मैंने पहले दिन ही कहा था कि अगर कोई भी आरोप साबित हो जाएगा तो मैं स्वयं फांसी पर लटक जाऊंगा। आज कोर्ट ने बाइज्जत बरी किया, मेरी लिए और मेरे समर्थकों के लिए प्रसन्नता का विषय है। 18 जनवरी 2023 को मैंने कहा था कि ये एक षडयंत्र है।

यह भी पढ़ें:- बृजभूषण शरण सिंह यौन शोषण केस में बरी, साढ़े तीन साल पुराने हाई-प्रोफाइल मामले में कोर्ट का फैसला, जानिए पूरे केस की कहानी

उन्होंने कहा कि मैंने कहा था कि अगर मेरे ऊपर कोई आरोप सही पाया जाएगा तो मैं स्वत: फांसी पर लटक जाऊंगा। आज तक मैं उसी बात पर कायम रहा और आज लगभग 3 साल बाद कोर्ट ने मुझे और विनोद तोमर का बरी किया है। मैं 15-16 साल की उम्र से संघर्ष देख रहा हूं। मैं हमेशा जो कमजोर थे, जिनका हक मारा जाता था मैं उनके पक्ष में खड़ा होता था। मुझे अपने आप पर विश्वास था। मुझे पूरा विश्वास था कि मेरे साथ न्याय होगा। मेरे साथ न्याय हुआ। मैंने अपने आप को कभी अपराधी महसूस नहीं किया। बृजभूषण के बेटे और सांसद करण भूषण सिंह ने कहा कि मैं न्यायपालिका को धन्यवाद करना चाहूंगा। ये सच्चाई की जीत है, हमारे लोकसभा कैसरगंज की जीत है। 

सांसद करण भूषण सिंह ने कहा कि इस सच्चाई में जो हमारे साथ रहे मैं उन सबको धन्यवाद करना चाहूंगा। आज हम देश के सामने मजबूत होकर खड़े हैं। एक समय पर मेरे पिता को मजबूर किया जा रहा था। सारी पार्टी साथ आकर बोल रही थी कि फांसी दे देनी चाहिए। क्या आज वे आकर बोलेंगे कि आपके साथ जो हुआ गलत हुआ, जो शोषित पहलवान थे उसकी जीत है। मेरे लोकसभा की जीत है। ये हम सबकी जीत है और खासतौर पर मेरे पिताजी की जीत है। वे दोबारा सदन में आएंगे। कांग्रेस के पास जीवन में कोई मुद्दा नहीं रहा इनका भाग्य खराब है कि इनको ऐसे नेता मिले हैं। ये भाजपा को मौका देते हैं कि कैसे आप इसे बढ़ाओ। ये भाजपा है पाक-साफ है। भाजपा कभी नहीं जाएगी। (Brij Bhushan Singh)

क्या है पूरा मामला ?

जनवरी 2023 में देश के शीर्ष पहलवानों विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया समेत कई खिलाड़ियों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। खिलाड़ियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देकर कार्रवाई की मांग की थी। पहलवानों का आरोप था कि एक नाबालिग समेत छह महिला पहलवानों ने शिकायत की थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद अप्रैल 2023 में दिल्ली पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज कीं। इनमें एक पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत और दूसरी छह महिला पहलवानों की शिकायत के आधार पर थी। बाद में नाबालिग पहलवान ने अपना बयान वापस ले लिया, जिसके बाद पॉक्सो मामले में कोर्ट ने क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार कर ली।

दिल्ली पुलिस ने जून 2023 में वयस्क महिला पहलवानों की शिकायतों के आधार पर चार्जशीट दाखिल की। मई 2024 में अदालत ने आरोप तय कर ट्रायल शुरू किया। करीब तीन साल तक चले मुकदमे में 127 सुनवाई हुईं और 32 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। 2 जुलाई 2026 को अंतिम बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। 3 अगस्त 2026 को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने साक्ष्यों के आधार पर आरोप साबित नहीं होने पर बृजभूषण शरण सिंह और पूर्व WFI सचिव विनोद तोमर को बरी कर दिया। करीब साढ़े तीन साल तक चले इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब ट्रायल कोर्ट का फैसला आ चुका है और बृजभूषण शरण सिंह व विनोद तोमर को बरी कर दिया गया है। हालांकि कानूनी लड़ाई यहीं खत्म नहीं हुई है। क्योंकि पहलवानों ने इस फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती देने की बात कही है। ऐसे में इस बहुचर्चित मामले पर अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या यह फैसला अंतिम साबित होगा या फिर मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!