गरियाबंद में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, आगजनी और पथराव, पुलिस जवान घायल

Violent Clashes in Gariaband: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के बकली गांव में पुराने विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद आगजनी, तोड़फोड़ और पथराव की घटनाएं सामने आई। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घरों पर हमला कर आग लगा दी, वहीं तीन से चार वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। इस दौरान एक पुलिस जवान घायल हो गया, जिसे बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया सिरपुर महोत्सव का शुभारंभ
हालात को देखते हुए पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। देर रात IG खुद मौके पर पहुंचे, जिसके बाद स्थिति पर कुछ हद तक नियंत्रण पाया गया। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं। जानकारी के मुताबिक विवाद की जड़ चार महीने पुरानी है। दरअसल, हथखोज गांव में कुछ बदमाशों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे राहगीरों से लूटपाट और मारपीट करते नजर आए थे। इस मामले में फिंगेश्वर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। (Violent Clashes in Gariaband)

1 फरवरी सुबह करीब 11 बजे जेल से छूटे आरोपी बकली गांव में शिकायतकर्ता से टकरा गए। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को देखते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते यह मामला दो समुदायों के बीच संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय पर पत्थरों और हथियारों से हमला किया। मारपीट की घटना के बाद दूसरे समुदाय के लोगों का गुस्सा भड़क गया। इसके बाद उन्होंने आरोपियों के घरों में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में तीन से चार वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
मंदिर तोड़ने के पुराने विवाद से जुड़ा मामला: ग्रामीण
पुलिस ने अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। घटना को लेकर गांव के एक ग्रामीण ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे रोड से आवाज आई कि एक समुदाय के लोग उनके गांव के गोपी पर पत्थरों से हमला कर रहे हैं। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि गोपी गंभीर रूप से घायल था। उसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया। उन्होंने बताया कि इसी दौरान जानकारी मिली कि हमलावरों ने बासिन गांव में रेखराम पर भी हमला किया है। इसके बाद जब वे लोग बकली से लौट रहे थे तो पता चला कि बकली गांव के बीच चौक में नरेंद्र साहू के साथ भी मारपीट की गई है। उनका आरोप है कि हमलावरों ने चार से पांच लोगों पर हमला किया है।

ग्रामीण का कहना है कि यही आरोपी डेढ़ साल पहले गांव के शिव मंदिर को तोड़ने के मामले में शामिल थे। यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है और आरोपी जमानत पर बाहर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी पुराने विवाद को लेकर गांव में तनाव फैलाया जा रहा है। फिलहाल गांव में पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात हैं। हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं। पुलिस की ओर से इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया गया है। हालांकि पूरे मामले को लेकर अभी तक प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। (Violent Clashes in Gariaband)



