सूरजपुर में जुआ छापेमारी के दौरान युवक की मौत, ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव, एडिशनल एसपी समेत 5 पुलिसकर्मी घायल

Violent Protest in Surajpur: सूरजपुर में रविवार की शाम कुंज नगर गांव में पुलिस जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची, जहां भागने के दौरान एक युवक की कुएं में गिरकर मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जयनगर थाने पर धावा बोल दिया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। इस हिंसक बवाल में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि नेशनल हाईवे 43 पर पांच घंटे तक सड़क जाम और आगजनी की गई। पुलिस को स्थिति काबू में करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।
जानिए क्या है पूरा मामला
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि कुंज नगर गांव में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने के बाद जयनगर पुलिस की टीम मौके पर छापा मारने पहुंची। जैसे ही पुलिस टीम पहुंची, जुआ खेलने वाले और आसपास मौजूद ग्रामीण भागने लगे। भागते हुए एक युवक अंधेरे में कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। कुएं में युवक के डूबने की सूचना शुरुआती समय में किसी को नहीं थी, लेकिन बाद में ग्रामीणों ने उसकी तलाश की और शव बाहर निकाला।

ग्रामीणों ने थाने में की तोड़फोड़
मृतक युवक के शव को बाहर निकालते ही कुंज नगर के ग्रामीण भारी संख्या में जयनगर थाने पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताने लगे। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हत्या का आरोप लगाया। साथ ही थाने में तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों पर पथराव और डंडे बरसाए। महिलाओं ने भी पुलिसकर्मियों पर पत्थर बरसाए। ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 43 को करीब पांच घंटे तक जाम कर रखा और कई वाहनों को क्षतिग्रस्त किया। इसके साथ ही आगजनी की घटनाएं भी हुई, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई।
एडिशनल एसपी समेत 5 पुलिसकर्मी घायल
इस हमले में एडिशनल एसपी, दो टीआई, एक एएसआई समेत कुल पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज विश्रामपुर सामुदायिक अस्पताल में जारी है। पुलिस पर लग रहे आरोपों और बढ़ती हिंसा के बीच पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए फोर्स बुलाई। भटगांव, विश्रामपुर सहित आसपास के थानों से भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। ग्रामीणों को समझाने की पुलिस की कई कोशिशें नाकाम रही। जब पथराव और हिंसा कम नहीं हुई तो पुलिस ने आखिरकार लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के बाद स्थिति नियंत्रण में आई, लेकिन कई ग्रामीण भी घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें:- Diwali 2025 : इस दिवाली बन रहा अद्भुत शिववास योग: जानें कब और कैसे करें पूजा, मिलेगा धन-समृद्धि का वरदान
एहतियात के तौर पर अभी भी जयनगर थाने में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति को लेकर उच्च स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। ग्रामीण पुलिस की लापरवाही को युवक की मौत की वजह मान रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई में ढिलाई बरती गई, जिससे युवक कुएं में गिर गया और उसकी जान गई। इसके अलावा ग्रामीणों ने पुलिस पर जुआ पकड़ने के दौरान अवैध वसूली का भी आरोप लगाया है। ग्रामीण पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस के खिलाफ पहले भी जुआ प्रकरणों में अवैध वसूली के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर एसएसपी ने तुरंत आसपास के थानों की फोर्स को जयनगर भेजा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और स्थिति नियंत्रण में रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने थाने के आसपास के इलाकों में सघन गश्त बढ़ा दी है। यह घटना स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। ग्रामीणों का गुस्सा पुलिस की कार्रवाई में पारदर्शिता और संवेदनशीलता की कमी को दर्शाता है। युवक की मौत के बाद अगर पुलिस समय रहते प्रभावी संवाद स्थापित कर पाती तो स्थिति इतनी बिगड़ सकती थी। (Violent Protest in Surajpur)



