Google Analytics —— Meta Pixel

आज लोकसभा में वक्फ बिल का इम्तिहान: NDA बनाम INDIA ब्लॉक, चर्चा के लिए 8 घंटे का समय तय

Waqf Amendment Bill : वक्फ संशोधन बिल को पारित कराने के लिए लोकसभा में आज बुधवार को विचार किया जाएगा, जिससे इसे पारित कराने के लिए दृढ़संकल्पित सरकार और प्रस्तावित कानून को असंवैधानिक बताकर इसकी निंदा करने वाले विपक्ष के बीच टकराव का मंच तैयार हो गया है. राज्यसभा में इस पर गुरुवार को चर्चा होने की उम्मीद है. इस बिल पर चर्चा के लिए 8 घंटे का समय रखा गया है लेकिन सरकार ने कहा है कि अगर सदन की सहमति होगी तो चर्चा का वक्त बढ़ाया भी जा सकता है। सरकार की तरफ से आज ही चर्चा का जवाब भी दिया जाएगा।  दोनों सदनों में प्रस्तावित कानून पर चर्चा के लिए आठ-आठ घंटे आवंटित किए गए हैं ।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ के इस जिले में बर्ड फ्लू की दस्तक, 1 से 10 किलोमीटर का एरिया सर्विलांस जोन घोषित

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बाद चार सबसे बड़े घटकों- तेलुगुदेशम पार्टी (तेदेपा), जनता दल-यूनाइटेड (JDU), शिवसेना और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)- ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर सरकार के रुख का समर्थन करने को कहा है.

सूत्रों ने बताया कि बीजेपी के कुछ सहयोगी दल बिल में और बदलाव की मांग कर रहे हैं. बीजेपी के एक सहयोगी दल के वरिष्ठ सदस्य ने उम्मीद जताई कि बीजेपी उनके विचारों को ध्यान में रखेगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी कुछ चिंताओं का निदान संसद की संयुक्त समिति ने की है और राजग इस मुद्दे पर एकजुट रहेगा.

एनडीए के सभी दल एकजुट

वहीं, एनडीए ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी किया है. नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू, जीतनराम मांझी, चिराग पासवान ने बिल के समर्थन में वोट करने का ऐलान कर दिया है. संसद का मौजूद सत्र यानी बजट सत्र शुक्रवार को खत्म हो रहा है. ये विधेयक पिछले साल अगस्त में निचले सदन में पहली बार पेश किया गया था, जिसके बाद इसे JPC को भेजा गया था.

लोकसभा में एनडीए के पास पर्याप्त संख्याबल

लोकसभा में एनडीए के पास विधेयक को पारित कराने के लिए पर्याप्त संख्याबल है. हालांकि, सहयोगी टीडीपी और जेडीयू का साथ जरूरी है. टीडीपी, जेडीयू, HAM और एलजेपी (R) समेत सभी एनडीए सहयोगियों ने अपने सांसदों को संसद में उपस्थित रहने और विधेयक का समर्थन करने के लिए व्हिप जारी किया है. लोकसभा में 542 सदस्य हैं. एनडीए के पास निचले सदन में 293 सांसद हैं.इंडिया गठबंधन के पास 235 सांसद हैं. अन्य को भी जोड़ दें तो ये संख्या 249 तक ही जाती है. जबकि बहुमत का नंबर 272 है.

विपक्ष को लगता रहा कि अगर 16 सांसद वाली टीडीपी और 12 सांसद वाली जेडीयू वक्फ बिल का विरोध कर दें तो गेम पलट सकता है, क्योंकि तब NDA का नंबर घटकर 265 हो जाएगा और बिल के विरोध में नंबर 277 पहुंच जाएगा. लेकिन टीडीपी हो या जेडीयू… दोनों मजबूती से सरकार के साथ हैं. बीजेपी अक्सर निर्दलीय सदस्यों और पार्टियों का समर्थन हासिल करने में सफल रही है. (Waqf Amendment Bill)

राज्यसभा में एनडीए का संख्याबल ज्यादा

दूसरी ओर राज्यसभा में कुल 245 सदस्य हैं. एनडीए के पास 125 सांसद हैं. 9 सीटें खाली हैं. ऐसे में एनडीए को विधेयक पारित कराने के लिए 118 सांसदों के समर्थन की जरूरत है. यानी एनडीए के पास राज्यसभा में संख्याबल ज्यादा है. उम्मीद है कि लोकसभा से मंजूरी मिलने के बाद राज्यसभा इस विधेयक को पारित करने के लिए विचार करेगा. (Waqf Amendment Bill)

Back to top button
error: Content is protected !!