IMD heavy Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बढ़ी मौसमी हलचल, IMD का छत्तीसगढ़ सहित इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान, पढ़े पूरी खबर
IMD ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी दी है.

IMD heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब क्षेत्र अब अवदाब (डिप्रेशन) में बदल गया है। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, अवदाब कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 310 किलोमीटर पूर्व, गोपालपुर (ओडिशा) से 260 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व, पारादीप (ओडिशा) से 290 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और दक्षिण दीघा (पश्चिम बंगाल) से 410 किलोमीटर दूर स्थित है।
बुलेटिन में कहा गया है कि अगले 24 घंटे के दौरान मौसमी प्रणाली के उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल तटों की ओर बढ़ने तथा गहन अवदाब में तब्दील होने का अनुमान है। इसके बाद, अगले दो दिनों के दौरान इसके पश्चिम बंगाल से लगे उत्तरी ओडिशा के गांगेय इलाकों, झारखंड और निकटवर्ती छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान है।
इन इलाकों में होगी बारिश
मौसम कार्यालय ने रविवार को ओडिशा के गंजम, गजपति, रायगड़, मल्कानगिरि और कोरापुट जिलों में कुछेक स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट (तैयार रहें) जारी किया है। रविवार को केंद्रपाड़ा, खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुर, कटक, नयागढ़, कंधमाल, कालाहांडी और नबरंगपुर जिलों के कुछेक स्थानों में भारी बारिश होने का अनुमान जताते हुए ‘येलो’ अलर्ट (अपडेट रहें) जारी किया गया है। आईएमडी ने सोमवार, मंगलवार और बुधवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। (IMD heavy Rain Alert)
मछुआरों को किया गया अलर्ट
आईएमडी ने कहा है कि संभावित अवदाब के प्रभाव के कारण 8-11 सितंबर के दौरान उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी व पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी से सटे ओडिशा तटों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे इस अवधि के दौरान ओडिशा के तटों, उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटी पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के आसपास समुद्र में न जाएं। (IMD heavy Rain Alert)



