आज रायपुर में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे CM विष्णुदेव साय, पढ़ें पूरी खबर
CM Sai Tour Program: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 9 सितंबर यानी आज राजधानी रायपुर में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जारी कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक कृषि महाविद्यालय के कृषि मंडपम में आयोजित भगवान बलराम जयंती और किसान दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शंकर नगर में तीजा मिलन कार्यक्रम और दोपहर 3.30 बजे से 4.30 बजे तक रायपुर के इंडोर स्टेडियम में तपस्वी सत्कार समारोह में शामिल होंगे।
इससे पहले CM साय ने अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में उल्लास साक्षरता अभियान के लगाई गई नवाचारी प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और असाक्षरों को अक्षर और अंक ज्ञान कराने के लिए यहां प्रदर्शित नवाचारी प्रयोगों की सराहना की। राज्य के पांचों संभागों और एससीईआरटी द्वारा शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न तरह के नवीन प्रयोगों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को बस्तर संभाग की प्रदर्शनी अवलोकन के दौरान अंकों की बनी खुमरी पहनाई गई और उन्हें लकड़ी से बनी गणेश की प्रतिमा भेंट की गई। (CM Sai Tour Program)

बिलासपुर संभाग के प्रदर्शनी में उन्हें शब्दों की बनी खुमरी भेंट की गई। प्रदर्शनी अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शासकीय शिक्षक शिक्षण महाविद्यालय के प्रशिक्षार्थियों द्वारा निर्मित सबके लिए शिक्षा डिजिटल साक्षरता की थीम पर बनी रंगोली की सराहना की। रायपुर जिले के स्टाल में कठपुतली, गीत, रंगोली, चावल के माध्यम से वर्ण और अंकों का बुनियादी ज्ञान और कौशल के साथ साक्षर बनाने का कार्यक्रम का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से खेल-खेल में वर्ण ज्ञान असाक्षरों को दिए गए। इसके अलावा दुर्ग, बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर के भी स्टॉल लगाए गए। प्रदर्शनी में छतरी के माध्यम से वर्ण ज्ञान का नवाचार प्रदर्शित किया गया। उंगलियों के माध्यम से जोड़ने और घटाने की विधि, का प्रदर्शन किया गया। (CM Sai Tour Program)




