Google Analytics —— Meta Pixel

देश में मौसम का डबल अटैक, कहीं आंधी-तूफान तो कहीं भीषण गर्मी का कहर, यूपी में आंधी-बारिश से 94 मौतें 

Weather Alert in India: देशभर में मौसम का मिजाज इन दिनों दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है। एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज आंधी-तूफान और बारिश तबाही मचा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई, जिसमें 94 लोगों की मौत हो गई। प्रयागराज और अयोध्या समेत 30 जिलों में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिला। सबसे ज्यादा 17 मौतें प्रयागराज और 16 मौतें भदोही में दर्ज की गईं। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से जनजीवन प्रभावित रहा। 

यह भी पढ़ें:- रायपुर में मानवता शर्मसार, नाली में मिला नवजात शिशु का शव

बरेली में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी में एक युवक टीनशेड समेत हवा में उड़ गया, जबकि गोंडा और उन्नाव में वाहनों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। बांदा में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इधर, राजस्थान में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। जैसलमेर लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य के 13 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। 

एमपी में हीटवेव का हमला

डीग जिले में भीषण गर्मी के कारण 12वीं की चार छात्राएं बेहोश हो गईं। अलवर में तेज हवा के चलते बिजली का खंभा गिर गया। हालांकि राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। मध्य प्रदेश में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। प्रदेश के 25 से ज्यादा जिले हीटवेव की चपेट में हैं और मौसम विभाग ने 18 मई तक लू चलने की संभावना जताई है। बुधवार को खजुराहो में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में आज हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गर्म रात यानी वार्म नाइट की चेतावनी भी दी गई है। (Weather Alert in India)

हरियाणा में बढ़ी गर्मी की मार

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले चार दिन तक प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। हरियाणा में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। नारनौल में 42.5 डिग्री, हिसार में 41.4 डिग्री और रोहतक में 41.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 17 मई से राज्य में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बहादुरगढ़ में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। पूर्वी भारत के राज्यों में बारिश और आंधी का दौर जारी है। बिहार के पूर्णिया, कटिहार समेत सात जिलों में तेज बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 

पहाड़ों पर बदला मौसम

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना जताई है। झारखंड में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मौसम बदला हुआ है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पहाड़ी जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। वहीं हिमाचल प्रदेश में मई महीने में सामान्य से 28 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। अगले तीन दिनों तक राज्य में मौसम खराब रहने और 15-16 मई को बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। (Weather Alert in India)

अगले दो दिन पड़ेंगे भारी 

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक देशभर में मौसम का यह दोहरा असर जारी रहेगा। 15 मई को राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि बिहार, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, असम, मेघालय, केरल और कर्नाटक में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। 16 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अत्यधिक गर्मी व खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!