Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में मानवता शर्मसार, नाली में मिला नवजात शिशु का शव

रायपुर। बिरगांव नगर पालिक निगम क्षेत्र के उरला थाना अंतर्गत वार्ड क्रमांक 24 में आज गुरुवार सुबह नाली में नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

कपड़े में लिपटा मिला नवजात

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह कुछ राहगीरों ने नाली में कपड़े में लिपटा एक नवजात देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि बच्चे की मौत हो चुकी है। इसके बाद तत्काल उरला थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि जन्म के बाद किसी ने नवजात को नाली में फेंक दिया। हालांकि बच्चा मृत पैदा हुआ था या जन्म के बाद उसकी मौत हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

मामले की जांच के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही क्षेत्र के अस्पतालों, निजी क्लीनिकों और दाइयों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि नवजात को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

गौरतलब है कि करीब छह महीने पहले रायपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल मेकाहारा परिसर में कचरे के डिब्बे से एक भ्रूण मिलने का मामला सामने आया था। उस मामले में दो महिलाओं और दो पुरुषों की संलिप्तता सामने आई थी, जो अलग-अलग स्कूटी से अस्पताल पहुंचे थे।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में सनसनीखेज वारदात, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत से फैली दहशत

Back to top button
error: Content is protected !!