छत्तीसगढ़ में सनसनीखेज वारदात, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत से फैली दहशत

रायपुर : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम भवंतरा में चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों लोग नए मकान के निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और निर्माणाधीन मकान में ही ठहरे हुए थे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह जब मिस्त्री काम पर पहुंचे तो उन्होंने चारों को खाट पर पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर सभी अचेत अवस्था में मिले। घटना की जानकारी तत्काल गांव के सरपंच राजाराम कश्यप को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए Chhattisgarh Police की टीम के साथ फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉयड को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों, पड़ोसियों और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
एक साथ चार लोगों की मौत की खबर से पूरे गांव में भय और शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- Kerala New CM: वीडी सतीशन होंगे केरल के अगले सीएम, कांग्रेस ने किया ऐलान



