छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश व आंधी का अलर्ट

Chhattisgarh Weather Alert : छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर स्थित मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ का रहस्यमयी निरई माता मंदिर, साल में सिर्फ 5 घंटे के लिए खुलते हैं कपाट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन घंटों के भीतर 15 से अधिक जिलों में मौसम बिगड़ने की संभावना है। प्रभावित जिलों में बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कोंडागांव, कोरबा, महासमुंद, रायगढ़, सक्ति तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल हैं। (Chhattisgarh Weather Alert)
विभाग ने चेतावनी दी है कि कई स्थानों पर तेज हवा के साथ बिजली कड़कने की संभावना है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे तथा बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, तेज आंधी और बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। (Chhattisgarh Weather Alert)



