Chhattisgarh Budget 2026 : जम्बूरी में कथित अनियमितताओं पर सदन में हंगामा, विपक्ष ने किया वॉकआउट
Chhattisgarh Budget 2026 : छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के प्रश्नकाल में बालोद में आयोजित राष्ट्रीय जम्बूरी को लेकर कथित अनियमितताओं का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। इस दौरान विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक से सदन का माहौल गरमा गया।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश व आंधी का अलर्ट
प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह ने आयोजन में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने सरकार से छत्तीसगढ़ स्काउट गाइड के पदेन अध्यक्ष, जम्बूरी आयोजन के स्थान चयन, पूर्व प्रस्तावित स्थान तथा क्रियान्वयन एजेंसी सहित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी मांगी। (Chhattisgarh Budget 2026)
जवाब में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्काउट गाइड के पदेन अध्यक्ष स्वयं स्कूल शिक्षा मंत्री होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय जम्बूरी का आयोजन बालोद में करने का निर्णय राष्ट्रीय मुख्यालय, दिल्ली द्वारा लिया गया था, जबकि आयोजन की क्रियान्वयन एजेंसी जिला शिक्षा अधिकारी, बालोद थे।
मंत्री ने यह भी कहा कि आयोजन में खर्च के लिए छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियमों के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया है।
हालांकि, विधायक राघवेंद्र सिंह ने मंत्री के जवाब से असहमति जताते हुए आरोप लगाया कि आयोजन में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। उनका कहना था कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पहला टेंडर 10 दिसंबर 2025 को जारी किया गया था, जिसे बाद में निरस्त कर 23 दिसंबर 2025 को पुनः जारी किया गया।
विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि आयोजन के लिए निर्धारित 90 बिंदुओं को घटाकर 52 कर दिया गया, जो गंभीर गड़बड़ी की ओर संकेत करता है। उन्होंने मामले की जांच विधानसभा समिति से कराने की मांग की।
वहीं मंत्री गजेंद्र यादव ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए किसी भी प्रकार की अनियमितता से इनकार किया और जांच की मांग को अस्वीकार कर दिया।
मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी विधायकों ने विरोध जताते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। (Chhattisgarh Budget 2026)



