नशे में धुत बीट गार्ड ने की पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, खाना नहीं बनाने को लेकर हुआ था विवाद

Wife Murder in Raigarh: रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र के गंजाईपाली गांव में घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि फॉरेस्ट विभाग में पदस्थ बीट गार्ड ने अपनी ही पत्नी की जान ले ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक आरोपी यादराम अजगल्ले (उम्र 38 साल) 29 नवंबर की रात शराब के नशे में घर पहुंचा। उसने पत्नी सोनतला अजगल्ले (उम्र 31 साल) से खाना मांगा। पत्नी ने बताया कि उसने खाना नहीं बनाया है। बस इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि यादराम अपना आपा खो बैठा।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में धनकुबेरों की बड़ी साजिश नाकाम, गोदामों से हजारों क्विंटल धान बरामद, अब तक 9.12 करोड़ का धान जब्त
गुस्से में उसने घर में रखा बांस का डंडा और लकड़ी फारा उठाकर पत्नी के सिर और शरीर पर कई बार जोरदार वार किए। गंभीर चोट लगने से सोनतला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी की हत्या के बाद भी यादराम रातभर सरकारी क्वार्टर के बाहर घूमता रहा। सुबह ड्यूटी पर जाने पूछने पर उसने अपने वरिष्ठ अधिकारी को बताया कि उसने पत्नी को पीटा है और संभवतः उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद 30 नवंबर की सुबह ही परिक्षेत्र सहायक ने छाल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के निर्देशन में छाल पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। (Wife Murder in Raigarh)

घटनास्थल का मुआयना किया गया। साक्ष्य इकठ्ठा किए गए। मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की गई। थोड़े ही समय में पुलिस ने आरोपी यादराम को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। छाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना में प्रयुक्त डंडा और दूसरे अहम साक्ष्य भी जब्त कर लिए गए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। रायगढ़ एएसपी आकाश मरकाम ने बताया कि शुरुआती जांच और एफएसएल रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो गया कि महिला की मौत मारपीट से हुई है। आरोपी ने नशे की हालत में मामूली विवाद को लेकर अपनी पत्नी की जान ले ली। (Wife Murder in Raigarh)



