CG Assembly Winter Session 2025: शीतकालीन सत्र आज से, ‘विजन 2047’ पर टकराव
कांग्रेस ने पहले दिन की कार्यवाही के बहिष्कार का ऐलान
CG Assembly Winter Session 2025: छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र (CG Assembly Winter Session 2025) आज से नवनिर्मित विधानसभा भवन में शुरू हो रहा है। चार दिवसीय यह सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा। सत्र के पहले ही दिन सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक टकराव के आसार हैं। आज ‘विजन 2047’ विषय पर चर्चा प्रस्तावित है, लेकिन कांग्रेस ने इसमें भाग नहीं लेने और पहले दिन की कार्यवाही का बहिष्कार करने का ऐलान किया है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संगठन अभनपुर इकाई का पुनर्गठन संपन्न
सत्र के दौरान कुल चार बैठकें होंगी। विधानसभा सचिवालय को कुल 628 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें 333 तारांकित और 295 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। 99.17 प्रतिशत प्रश्न ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा 48 ध्यानाकर्षण सूचनाएं, एक लोक महत्व का विषय, नौ अशासकीय संकल्प, चार शून्यकाल सूचनाएं और 77 याचिकाएं सदन में रखी जाएंगी।
16 दिसंबर को सदन में अनुपूरक मांगों पर चर्चा की जाएगी। इसी दिन छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनिमय) संशोधन विधेयक, 2025 को पारित किए जाने की संभावना है। विभिन्न विभागों के प्रतिवेदन भी सदन के पटल पर प्रस्तुत किए जाएंगे।
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सत्र को लेकर रणनीति तय की गई। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि ‘विजन 2047’ को लेकर उसकी आपत्तियां बनी हुई हैं। ऐसे में शीतकालीन सत्र की शुरुआत हंगामेदार रहने के संकेत हैं। (CG Assembly Winter Session 2025)



