नक्सल खात्मे की डेडलाइन नजदीक, रायपुर में अमित शाह की हाईलेवल सुरक्षा समीक्षा

Naxal Free India : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वामपंथी उग्रवाद (नक्सलवाद) को लेकर एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नक्सल प्रभावित राज्यों में चल रहे सुरक्षा अभियानों, रणनीतियों और समन्वय की गहन समीक्षा की गई।
यह भी पढ़े :- सावरकर को भारत रत्न देने की खुली मांग, संघ प्रमुख मोहन भागवत ने बढ़ाया सियासी पारा
इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केन्द्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो (IB) के निदेशक, गृह मंत्रालय के विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) सहित CRPF, BSF, ITBP और NIA के महानिदेशक मौजूद रहे। इसके अलावा छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड और तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक भी बैठक में शामिल हुए।
नक्सल खात्मे की डेडलाइन में बचे 51 दिन
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की रणनीति अब निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे की समयसीमा नजदीक आ गई है। इस डेडलाइन की घोषणा स्वयं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की थी। (Naxal Free India)
डेडलाइन को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं। अब इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगभग 51 दिन का समय शेष है, जिसे लेकर केंद्र और राज्य स्तर पर समन्वय और तेज किया जा रहा है।
पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में होंगे शामिल
रायपुर प्रवास के दौरान अमित शाह बस्तर में आयोजित पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इससे पहले वे 28 से 30 नवंबर तक नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में आयोजित 60वें DGP–IGP सम्मेलन में भी भाग ले चुके हैं।
सुरक्षा समीक्षा बैठक के माध्यम से केंद्र सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट संकेत दिया है कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को अंतिम मुकाम तक पहुंचाने के लिए कोई ढील नहीं दी जाएगी। (Naxal Free India)



