बहू को बताया मौत का जिम्मेदार, फिर फांसी पर झूल गई महिला; दीवार पर लिखा सुसाइड नोट

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र की लक्ष्मणबंध बस्ती में 40 वर्षीय महिला की फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी के रूप में हुई है। घटना से पहले महिला द्वारा अपनी बहनों को वीडियो भेजने और घर की दीवार पर कथित सुसाइड नोट लिखे जाने की बात सामने आई है। इसमें उसने अपनी बहू को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।
जानकारी के अनुसार, घटना से पहले लक्ष्मी मानिकपुरी का अपने पति, बेटे और बहू के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद महिला ने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा। परिजनों के मुताबिक, वीडियो में उसने परिवार में चल रहे विवाद को लेकर अपनी बात रखी थी।
इसके बाद महिला ने घर की दीवार पर कथित तौर पर सुसाइड नोट लिखा। इसमें उसने अपनी बहू पूर्णिमा महंत का नाम लेते हुए उसे अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दीवार पर लिखी गई कथित सुसाइड नोट की लिखावट की जांच हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से कराई जाएगी। इसके साथ ही पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।
फिलहाल पुलिस महिला द्वारा भेजे गए वीडियो, दीवार पर लिखी कथित लिखावट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और क्या पारिवारिक विवाद ही इसकी वजह था, इसका पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
यह भी पढ़े :- विश्वविद्यालयों की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाना सर्वाेच्च प्राथमिकता – राज्यपाल डेका



