बेमेतरा विवाह समारोह की अव्यवस्था पर मुख्यमंत्री का स्पष्टीकरण, बोले- मेरी सहमति से बदला गया था आयोजन स्थल
रायपुर/बेमेतरा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेमेतरा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह समारोह में हुई अव्यवस्था को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण कलेक्टर ने उनकी सहमति से ही आयोजन स्थल में परिवर्तन किया था। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए संभागायुक्त को निर्देशित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि रविवार को बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि क्षेत्रीय विधायक दीपेश साहू ने भी इसी समारोह में विवाह कर समाज के सामने एक सकारात्मक संदेश प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विवाह समारोह के लिए खुले मैदान में टेंट और पंडाल की व्यवस्था की गई थी, लेकिन अचानक मौसम खराब होने और तेज हवा के कारण पंडाल प्रभावित हो गया। इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पुराने विश्राम गृह और अन्य भवनों पर विचार किया गया।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने महेश्वरी समाज भवन को अधिक उपयुक्त बताया, जिसके बाद कलेक्टर ने उनसे चर्चा की। उनकी सहमति मिलने के बाद ही आयोजन स्थल में बदलाव किया गया।
गौरतलब है कि समारोह में अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई थी, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन में हुई व्यवस्थागत कमियों की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
इस दौरान सरगुजा जिले के मैनपाट में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच हुए विवाद तथा तहसीलदारों की प्रस्तावित हड़ताल के संबंध में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन और तहसीलदारों के बीच चर्चा जारी है तथा जल्द ही इसका समाधान निकाल लिया जाएगा।
यह भी पढ़े :-



