Google Analytics —— Meta Pixel

हमने नरेंद्र मोदी को साइकोलॉजिकली तोड़ दिया: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Rahul on PM Modi: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्टेटहुड जम्मू-कश्मीर का हक है, ये हम उसे दिलाकर रहेंगे। राहुल ने कहा कि आज विपक्ष जो भी करवाना चाहता है, वही होता है। मोदी सरकार कानून लाती है, हम उनके सामने खड़े हो जाते हैं, फिर वे यू-टर्न ले लेते हैं। नरेंद्र मोदी का कॉन्फिडेंस खत्म हो चुका है। उनकी साइकोलॉजी को हमने तोड़ दिया है। नरेंद्र मोदी पहले जैसे थे, वे अब वैसे नहीं रहे। BJP-RSS के लोग पूरे देश में नफरत और हिंसा फैलाते हैं।

यह भी पढ़ें:- नरेंद्र मोदी लंबे-लंबे भाषण देते हैं, काम की बात नहीं करते: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

उन्होंने कहा कि ये पूरे देश में भाई को भाई से लड़ाते हैं। इनकी राजनीति भी नफरत की है। हम सब जानते हैं कि नफरत को नफरत से नहीं काटा जा सकता है। नफरत को सिर्फ मोहब्बत से ही खत्म किया जा सकता है। ये विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ- नफरत फैलाने वाले लोग हैं। दूसरी तरफ- मोहब्बत की दुकान खोलने वाले लोग हैं। हम कन्याकुमारी से कश्मीर तक चले फिर मणिपुर से महाराष्ट्र तक चले। इसका संदेश एक ही था – नफरत से किसी को फायदे नहीं होता। इसलिए हमने हर नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोली है। (Rahul on PM Modi)

सांसद राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान में बहुत बार ऐसा हुआ है जब केंद्र शासित प्रदेश को राज्य बनाया गया है। कई बार राज्यों को दो भाग में बांटा गया है, लेकिन इतिहास में पहली बार हुआ, जब किसी राज्य को केंद्र शासित प्रदेश बनाकर जम्मू-कश्मीर का हक छीना गया। इसलिए हम चाहते हैं जम्मू-कश्मीर को स्टेटहुड वापस दिया जाए। हम इसके लिए सरकार पर दबाव बनाएंगे और अगर ये नहीं करेंगे तो हम कर के देंगे। हमारी सोच थी कि चुनाव से पहले जम्मू-कश्मीर को स्टेटहुड मिल जाना चाहिए, लेकिन BJP सरकार ने ऐसा नहीं किया। चुनाव के बाद हम सरकार पर दबाव डालेंगे कि आपको स्टेटहुड मिल जाए। (Rahul on PM Modi)

राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में बेरोजगारी फैला रखी है। ये केवल देश के दो-तीन अरबपतियों को फायदा पहुंचाते हैं। एक तरफ मोदी सरकार ने चंद अरबपतियों का 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ कर दिया। दूसरी तरफ नोटबंदी और गलत GST लागू कर छोटे व्यापारियों और MSMEs को खत्म कर दिया। इसका नतीजा ये हुआ कि आज देश में कहीं भी रोजगार नहीं बन पा रहे हैं। BJP-RSS के लोग पूरे देश में नफरत फैलाते हैं और लोगों को बांटने का काम करते हैं। इन्होंने यही काम जम्मू-कश्मीर में किया, लेकिन इनका ये प्रोजेक्ट अब फेल होगा। हम यहां सभी को एकसाथ लेकर आगे बढ़ेंगे। ये लड़ाई BJP-RSS द्वारा फैलाई जा रही नफरत के खिलाफ है। वे लोगों को आपस में लड़ाकर सरकार बनाना चाहते हैं, लेकिन इसमें वो फेल हो रहे हैं। (Rahul on PM Modi)

नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि कांग्रेस और NC ने इन नफरती ताकतों को हराने के लिए ही गठबंधन किया है। नफरत ने हमें बहुत नुकसान पहुंचाया है। हम सब एकजुट होकर ही इन नफरती ताकतों को हरा सकेंगे। 25 तारीख को हमें अपने घरों से निकलकर कांग्रेस को वोट देना है और नफरत को हराना है। वहीं केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब हमने कह दिया कि राज्य का दर्जा मिल रहा है तो भी वे बार-बार यही कह रहे हैं, ताकि जब राज्य का दर्जा मिले तो वे कहेंगे कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि हमने दबाव डाला था। (Rahul on PM Modi)

Back to top button
error: Content is protected !!