ड्यूटी में न आने की वजह से 2 आरक्षक बर्खास्त, एसएसपी ने थमाया नोटिस

Constable dismissed : दुर्ग एसएसपी बीएन मीणा ने ड्यूटी में न आने की वजह से दो आरक्षकों को बर्खास्त किया है। दोनों बर्खास्त आरक्षक नव आरक्षक हैं और ड्यूटी को लेकर लंबे समय से लापरवाही बरत रहे थे। इसमें देवव्रत सिंह को पहले भी बर्खास्त किया जा चुका है। बहाली होने के बाद भी वह अपनी लापरवाही से बाज नहीं आया।

एएसपी ग्रामीण अनंत कुमार साहू ने बताया कि नवआरक्षक 633 देवव्रत सिंह, आरक्षक (जी.डी.) के पद पर 15 जनवरी 2013 को भर्ती हुआ था। भर्ती के बाद से ही वह ड्यूटी से नदारद रहता था। कर्तव्य प्रति लापरवाही बरतने एवं लगातार अनाधिकृत रूप से गैर हाजिर रहने पर उसे कई बार पहले भी नोटिस भी दिया गया था। इससे पहले भी कई बार कई छोटी व बड़ी विभागीय सजा से दंडित किया जा चुका है।

एसएसपी बीएन मीणा ने खुद उस आरक्षक को बुलाकर कड़े शब्दों में चेताया और बड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद भी जब उसकी आदत में कोई परिवर्तन नहीं आया तो उसके खिलाफ 30 मार्च को सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया गया। इसी तरह नव आरक्षक 77 विक्रम सिंह, आरक्षक (जी.डी.) के खिलाफ भी बर्खास्तगी का आदेश जारी किया गया है।

विक्रम एक फरवरी 2011 को पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। इसके द्वारा भी ड्यूटी में गैरहाजिर रहकर कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरती जा रही थी। इसके खिलाफ भी इससे पहले कई विभागीय कार्रवाई की जा चुकी है। अधिकारियों द्वारा पर्याप्त अवसर देने के बाद भी जब उसके आदत में बदलाव नहीं आया तो 30 मार्च को उसे बर्खास्त कर दिया गया है।

इसे भी पढ़ें- New Income Tax Rule : अप्रैल से बदल रहे हैं नियम, एलपीजी से लेकर दवाएं भी हो सकती हैं महंगाी 

Related Articles

Back to top button