छत्तीसगढ़ सरकार का छात्रों के हित में बड़ा फैसला, 2 बार होगी बोर्ड की परीक्षाएं
2 Times Board Exam: छत्तीसगढ़ सरकार ने बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। राज्य शासन के फैसले के मुताबिक एक शैक्षणिक सत्र में दो बार बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा पहली मुख्य परीक्षा मार्च और दूसरी मुख्य परीक्षा जून-जुलाई महीने में आयोजित की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मंत्रालय से इसे लेकर आदेश जारी कर दिया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक पहली परीक्षा मार्च और दूसरी परीक्षा जून-जुलाई महीने में आयोजित की जाएगी। पहली परीक्षा में पंजीकृत छात्र ही दूसरी परीक्षा आवेदन पत्र भरने के लिए पात्र होंगे, लेकिन विषय परिवर्तन मान्य नहीं होगा।
यह भी पढ़ें:- मीसाबंदियों की सम्माननिधि फिर शुरू होगी: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
पहली परीक्षा के बाद दूसरी परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों को फिर आवेदन पत्र भरना होगा। दूसरी परीक्षा में वे छात्र जो पूरक के पात्र है और सभी विषयों में अनुत्तीर्ण है आवेदन कर सकते हैं। श्रेणी सुधार (सभी विषय) के छात्र भी परीक्षा आवेदन पत्र भर सकते हैं। उत्तीर्ण छात्र अंक सुधार एक विषय, दो विषय या ज्यादा विषय में परीक्षा आवेदन भर सकते हैं। इनमें दूसरी परीक्षा में वे छात्र भी सम्मिलित हो सकते हैं, जो पहली परीक्षा में आवेदन फार्म भरने के बाद अनुपस्थित रहे हों। अवसर परीक्षा की बाकी योजना पहले की तरह रहेगी। दूसरी परीक्षा का परिणाम दोनों परीक्षाओं में से विषयवार ज्यादा प्राप्तांक के आधार पर तैयार किया जाएगा। (2 Times Board Exam)

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी परीक्षाओं के संदर्भ में हेल्पलाइन 2024 का 22 फरवरी से 22 मार्च तक संचालन किया जा रहा है। हेल्पलाइन में रसायन शास्त्र विषय की विशेषज्ञ कादम्बिनी पटले ने रसायन शास्त्र विषय की परीक्षा की तैयारी के संबंध में विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान किया। मनोवैज्ञानिक के रूप में उपस्थित डॉ. वर्षा वरवंडकर द्वारा तनाव संबंधी समस्याओं का निराकरण किया गया। चार दिनों में हेल्पलाइन पर प्राप्त 344 फोन कॉल का निराकरण किया जा चुका है। हेल्पलाइन में स्थापित टोल फ्री नंबर-18002334363 पर 136 फोन काल प्राप्त हुए। (2 Times Board Exam)



