छत्तीसगढ़ में 200 लड़कियां नौकरी के झांसे में बंधक, FIR में 7 आरोपी
गुडवे फैशन कंपनी पर FIR, 7 आरोपी नामजद
Chhattisgarh News : सरकारी नौकरी का झांसा देकर करीब 200 लड़कियों को बंधक बनाने और उनसे जबरन काम करवाने का मामला सामने आया है। यह मामला दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है, जहां गुडवे फैशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी में लड़कियों को मार्केटिंग के नाम पर बुलाया गया और बाद में सोशल मीडिया के जरिए लड़कों को फंसाने का दबाव बनाया जाता था।
यह भी पढ़े :- रायपुर में सराफा व्यापारी से 86 किलो चांदी की लूट, हथियारबंद बदमाश फरार
पीड़िताओं का आरोप है कि उनसे 25-30 हजार रुपए सैलरी का वादा किया गया था, लेकिन न तो वेतन दिया गया और न ही बाहर जाने दिया गया। मोबाइल तक छीन लिए गए और घरवालों से बात करने की इजाजत नहीं थी। खाना भी बेहद सीमित मात्रा में मिलता था।
मामला कैसे खुला
भानुप्रतापपुर की एक लड़की ने माता-पिता को जानकारी दी। इसके बाद बजरंग दल और RSS कार्यकर्ताओं तक बात पहुंची। 3 अक्टूबर को कार्यकर्ताओं ने कंपनी में पहुंचकर हंगामा किया, जिसके बाद मामला सामने आया। (Chhattisgarh News)
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में रामभरोष साहू, सत्यम पटेल, साहिल कश्यप, सौरभ चौधरी, राहुल सौंधिया, वेदप्रकाश शास्त्री और साधना पटेल के खिलाफ FIR दर्ज की है।
CSP हर्षित मेहर ने बताया कि शुरुआती जांच में कंपनी युवाओं से 20-50 हजार रुपए तक की रकम वसूल रही थी और नए लोगों को जोड़ने का दबाव बना रही थी। (Chhattisgarh News)
कंपनी का खेल
- ट्रेनिंग के नाम पर 3,000 से लेकर 46,000 रुपए तक वसूले जाते थे।
- लड़कियों को कहा जाता था कि परिवार से नौकरी मिलने की झूठी बात करें।
- आधी रात तक सोशल मीडिया पर लड़कों को फंसाने का दबाव बनाया जाता था।
- तभी उन्हें छोड़ा जाता जब वे और लोगों को कंपनी में भर्ती कराएं।



