Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में सियासी संग्राम, पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर धरने से पीछे हटे, जानिए कैसे टला टकराव

Former Minister Nanki Ram: छत्तीसगढ़ की राजनीति में मचे सियासी घमासान में आज बड़ा मोड़ आया, जब वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने रायपुर में प्रस्तावित धरने को स्थगित करने की घोषणा कर दी। यह फैसला उन्होंने तब लिया जब खुद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने उनसे बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। सुबह ननकीराम कंवर जब धरने के लिए निकलने वाले थे, उससे पहले ही उन्हें पुलिस ने नजरबंद कर लिया था। इस बीच दिनभर चली हलचलों के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं ननकीराम कंवर से फोन पर बातचीत की।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में 200 लड़कियां नौकरी के झांसे में बंधक, FIR में 7 आरोपी

CM साय ने उन्हें कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने का आश्वासन दिया और कहा कि जल्द ही इस दिशा में कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ननकीराम कंवर भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे और भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव से मुलाकात की। मुलाकात के बाद ननकीराम कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों ने बुलाया। भरोसा दिलाया कि मेरी बात सुनी जा रही है। इसलिए मैंने धरना स्थगित करने का निर्णय लिया है। अगर एक हफ्ते के भीतर कोरबा कलेक्टर को नहीं हटाया गया तो अगली रणनीति तय करूंगा।

क्या था पूरा विवाद ?

पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर पिछले कई महीनों से कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत पर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक पक्षपात और भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के आरोप लगाते आ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर 4 अक्टूबर तक कार्रवाई नहीं हुई तो वे रायपुर में CM हाउस के बाहर धरने पर बैठेंगे। इसी को लेकर वो शुक्रवार रात रायपुर पहुंचे थे और जिला प्रशासन को धरने की पूर्व सूचना भी दी थी। शनिवार सुबह जब वो धरने के लिए निकलने वाले थे, पुलिस ने एम्स के पास उन्हें रोक लिया और गहोई भवन में नजरबंद कर दिया। (Former Minister Nanki Ram)

राजनीतिक दबाव में नरम पड़े कंवर ?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह पूरी स्थिति भाजपा के लिए अंदरूनी असंतोष और सार्वजनिक असहमति की बड़ी तस्वीर पेश कर रही थी। ननकीराम कंवर की छवि एक बेबाक और प्रभावशाली आदिवासी नेता की रही है और उनका धरना पार्टी और सरकार दोनों के लिए संवेदनशील मामला बन चुका था। ऐसे में मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष ने खुद उनसे संवाद स्थापित करना इस बात का संकेत है कि पार्टी कोई सीधा टकराव टालना चाहती थी। (Former Minister Nanki Ram)

क्या वाकई हटेंगे कलेक्टर अजीत वसंत ?

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कंवर को भरोसा दिलाया है कि कोरबा कलेक्टर के खिलाफ शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और उन्हें हटाया जा सकता है। हालांकि आधिकारिक तौर पर कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन को पहले ही मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। सुनील जैन का कहना है कि उन्हें लिखित आदेश मिलने का इंतजार है, उसके बाद वे रिपोर्ट सौंपेंगे। फिलहाल धरना टल गया है, लेकिन ननकीराम कंवर ने साफ कर दिया है कि यह अंत नहीं, विराम है। अगर एक हफ्ते के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वे अगली रणनीति तैयार करेंगे। कंवर के इस रुख से साफ है कि मामला अभी खत्म नहीं हुआ है और आने वाले दिनों में यह फिर से राजनीतिक हलचलों का केंद्र बन सकता है। 

Back to top button
error: Content is protected !!