3 Death in Raigarh: रायगढ़ में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत से सनसनी फैल गई है। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कमतर गांव में सुरेश गुप्ता, उसकी पत्नी चांदनी गुप्ता और 18 महीने की बेटी आकांक्षा गुप्ता की मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक मां और बेटी की मौत जलने की वजह से हुई है। जबकि पति का शव घर से कुछ ही दूरी पर एक पेड़ पर लटकी हुई मिली है। जानकारी के मुताबिक सुरेश गुप्ता ने अपने घर को आग लगा दी, जिसमें उसकी पत्नी और बेटी जिंदा जल गई। इसके बाद उसने पेड़ पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि सुरेश ने शराब के नशे में विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया है।
यह भी पढ़ें:- किसानों को समृद्ध बनाने के लिए उनकी मदद करना जरूरी है: राज्यपाल रमेन डेका
सुरेश के घर के बगल में उसकी मां बुंद्रोवती बाई कच्चे मकान में रहती है, जिसने आग लगने की जानकारी ग्रामीणों को दी। हालांकि ग्रामीणों का घर उनके घर से दूर होने के कारण लोग तुरंत नहीं पहुंच पाए। धरमजयगढ़ SDOP सिद्धांत तिवारी ने बताया कि सुरेश गुप्ता घर में बीड़ी-सिगरेट की दुकान चलाता था। साथ ही पेट्रोल भी बेचता था। सुरेश शराब पीने का आदी था, जिसकी रात को पत्नी चांदनी के साथ खाना बनाने को लेकर बहस हुई, जो इतना बढ़ा कि सुरेश ने गुस्से में आकर पास रखे पेट्रोल को घर में छिड़का और आग लगा दी, जिसमें चांदनी और उसकी बेटी का पूरा शरीर जल गया। आग इतनी भीषण थी कि दोनों के शव के ज्यादा अवशेष नहीं बचे थे। (3 Death in Raigarh)
सूरजपुर में 3 लोगों की हत्या
छत्तीसगढ़ में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। रोजाना हत्या के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला सूरजपुर जिले का है, जहां पत्रकार संतोष टोप्पो के परिवार के 3 लोगों की हत्या कर दी गई है। 20 से 25 लोगों ने मिलकर पत्रकार के माता-पिता और बड़े भाई की हत्या की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मामला प्रतापपुर थाना इलाके का है, जहां जमीन विवाद को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। इसके बाद कुल्हाड़ी मारकर स्थानीय पत्रकार के परिवार के 3 सदस्यों की हत्या कर दी गई। संयुक्त खाते की जमीन को लेकर परिवार के दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। (3 Death in Raigarh)