किसानों को समृद्ध बनाने के लिए उनकी मदद करना जरूरी है: राज्यपाल रमेन डेका

Governor Ramen Deka Meeting: छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका की अध्यक्षता में राजनांदगांव के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। राज्यपाल डेका ने जिले में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन, जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे कार्यों और अभियान के संबंध में जानकारी ली। राज्यपाल ने कहा कि जल है तो हम हैं। जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ाने की आवश्यकता है। जल संरक्षण के लिए जनसामान्य को प्रेरित करें और पानी व्यर्थ न बहे इस बात का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जिले में मिशन जल रक्षा अभियान के तहत जल संरक्षण की दिशा में बहुत अच्छा कार्य किया जा रहा है। राज्यपाल ने जिले में सिंचाई, भू-जल स्तर, जैविक कृषि प्रोत्साहन, नवाचार के संबंध में गहन चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसानों को जैविक खेती से बहुत फायदा मिलेगा। इसके लिए विशेष तौर पर कार्य करने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें:- किसानों को समृद्ध बनाने के लिए उनकी मदद करना जरूरी है: राज्यपाल रमेन डेका

राज्यपाल डेका ने कहा कि जैविक कृषि में किसानों के विकास की असीम संभावनाएं है। हमें इस दिशा में कार्य करते हुए किसानों को समृद्ध बनाने के लिए कार्य करना है और उनकी मदद करनी है। कृषि और वन दो ऐसे क्षेत्र है, जिनमें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारी से कहा कि किसानों से लगातार मिलते रहे और उन्हें जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करें। उन्हें नवीनतम तकनीक और नवाचार के संबंध में जानकारी देते रहे। साथ ही उनकी मदद करें। उन्होंने इजरायल की पाली हाउस टेक्नोलॉजी के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि जिले में पाली हाऊस के माध्यम से उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा दें। उन्होंने असम के ऐसे किसानों के बारे में जानकारी साझा की, जिन्होंने खेती-किसानी के माध्यम से बहुत तरक्की की है। राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि प्रतिबद्धतापूर्वक कार्य करें। उन्होंने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। (Governor Ramen Deka Meeting)

राज्यपाल रमेन डेका ने जिले में टीबी के संबंध में चल रहे अभियान निक्षय निरामय छत्तीसगढ़ 100 दिवसीय पहचान और इलाज के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त जिले की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने राजभवन की ओर से गरीब और जरूरतमंदों को सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से टीबी मुक्त जिले की दिशा में आगे बढ़ना है और सभी से सहयोग लेना है। उन्होंने महिला और बाल विकास विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे गंभीर कुपोषित बच्चों को सुपोषण की श्रेणी में लाने के लिए चलाए जा रहे पोट्ठ लईका अभियान की सराहना की। उन्होंने जिले में आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति, बेटी बचाओ बेटी बढ़ाओ अभियान के संबंध में जानकारी ली। राज्यपाल ने कहा कि नशीले पदार्थ बच्चों और युवाओं के लिए बहुत घातक है। हमारे देश और समाज के लिए यह व्यसन एक बुराई है। (Governor Ramen Deka Meeting)

बैठक में IG, कलेक्टर और SP हुए शामिल

राज्यपाल डेका ने कहा कि हमें नशीले पदार्थों के अन्य राज्यों से अवैध रूप से आने वाले गांजा, चरस, कोकीन पर रोक लगाने की जरूरत है। बच्चों और युवाओं को नशीले पदार्थों की गिरफ्त से दूर रखना है। उन्होंने कहा कि पुनर्वास केंद्रों में ऐसे ड्रग्स के दुष्प्रभाव से बच्चों और युवाओं का इलाज करने और उन्हें ड्रग्स के दुष्प्रभाव से दूर रखने की जरूरत है। उन्होंने जिले में चलाए जा रहे त्रिनेत्र योजना के संबंध में जानकारी ली। राज्यपाल ने जनसहभागिता से CCTV कैमरा के जरिए अपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के कार्य की प्रशंसा की। इस दौरान अलग-अलग विभागों के अधिकारियों से विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में IG दीपक झा, राज्यपाल की संयुक्त सचिव हीना अनिमेष नेताम, कलेक्टर संजय अग्रवाल, SP मोहित गर्ग, प्रशासनिक अधिकारी और दूसरे विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। (Governor Ramen Deka Meeting)

Back to top button
error: Content is protected !!