Google Analytics —— Meta Pixel

Raipur News: तात्यापारा श्री हनुमान मंदिर में 30 जोड़ों ने किया सामूहिक लघु रुद्राभिषेक

महाशिवरात्रि पर 25 वर्षों की परंपरा का अनवरत निर्वहन

रायपुर। राजधानी के तात्यापारा स्थित लगभग 1100 वर्ष प्राचीन दक्षिणमुखी श्री हनुमान मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व इस वर्ष अत्यंत श्रद्धा, अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण के साथ संपन्न हुआ। मंदिर समिति द्वारा आयोजित विशेष सामूहिक लघु रुद्राभिषेक में 30 दंपत्तियों ने एक साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक किया।

यह भी पढ़े :- झुमका जलाशय बना नया पर्यटन हॉटस्पॉट- बोटिंग, वाटर स्पोर्ट्स और 500 सीट वाला ओपन थिएटर शुरू

25 वर्षों से जारी धार्मिक परंपरा

मंदिर में पिछले लगभग 25 वर्षों से महाशिवरात्रि के अवसर पर सामूहिक लघु रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी परंपरा का भव्य और सफल निर्वहन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।

तात्यापारा श्री हनुमान मंदिर
तात्यापारा श्री हनुमान मंदिर

भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ अनुष्ठान

अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रों, रुद्रपाठ और घंटानाद से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं राष्ट्र के मंगल की कामना की। पूरे आयोजन में अनुशासन और आध्यात्मिक गरिमा स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

मंदिर समिति के मार्गदर्शन में सफल आयोजन

कार्यक्रम मंदिर समिति के अध्यक्ष संदीप राजिमवाले, उपाध्यक्ष दीपक किरवईवाले, सचिव अनिल गनोदवाले, सह-सचिव सौरभ देव, कोषाध्यक्ष चंद्रकांत मोहदीवाले, प्रमुख सलाहकार मिलिंद शेष तथा महिला प्रमुख सुरेखा हिशीकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मुख्य पुजारी संदीप देशपांडे ने विधि-विधान से अनुष्ठान का संचालन किया। समिति के अन्य सदस्यों ने भी व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।

गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति

कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन ने सामूहिक आस्था, परंपरा के संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना के जागरण का सशक्त संदेश दिया। उक्त जानकारी श्री हनुमान मंदिर समिति, तात्यापारा (रायपुर) के पदाधिकारियों द्वारा दी गई।

Back to top button
error: Content is protected !!