Chhattisgarh Naxal Surrender : सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई रंग लाई, महिला माओवादी समेत 22 नक्सली मुख्यधारा में लौटे
Chhattisgarh Naxal Surrender : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में ‘नक्सल मुक्त बस्तर’ के संकल्प को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिले में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत माओवादी संगठन में सक्रिय 22 सदस्यों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण (Chhattisgarh Naxal Surrender) कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में एक महिला माओवादी भी शामिल है।
यह भी पढ़े :- तात्यापारा श्री हनुमान मंदिर में 30 जोड़ों ने किया, सामूहिक लघु रुद्राभिषेक
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये सभी माओवादी राज्य शासन की पुनर्वास नीति और सुकमा पुलिस द्वारा संचालित “पूना मारगेम” (पुनर्वास से पुनर्जीवन) अभियान से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटे हैं। अंदरूनी क्षेत्रों में नए सुरक्षा कैंपों की स्थापना, सड़क संपर्क में सुधार तथा शासन की योजनाओं की बढ़ती पहुंच के कारण माओवादी संगठन का आधार लगातार कमजोर हो रहा है।
17 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। इस दौरान डीआईजी सीआरपीएफ रेंज जगदलपुर एस. असल कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित सीआरपीएफ और कोबरा वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
संयुक्त अभियान की सफलता
इस आत्मसमर्पण को सफल बनाने में डीआरजी (DRG) सुकमा, जिला पुलिस बल, रेंज फील्ड टीम (RFT) जगदलपुर, सीआरपीएफ की 02, 111, 223 और 227 वाहिनी तथा कोबरा 201 वाहिनी की आसूचना शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मिलेगी प्रोत्साहन राशि
राज्य सरकार की “छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण/पीड़ित राहत पुनर्वास नीति-2025” के तहत सभी 22 आत्मसमर्पित माओवादियों को तत्काल सहायता के रूप में 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त उन्हें पुनर्वास से जुड़ी अन्य सुविधाएँ भी दी जाएँगी, ताकि वे सामान्य जीवन शुरू कर सकें।
प्रशासन ने कहा है कि आत्मसमर्पण करने वालों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। (Chhattisgarh Naxal Surrender)



