Google Analytics —— Meta Pixel

50 सालों की कार्ययोजना बनाकर काम करने की जरुरत: डिप्टी CM अरुण साव

Arun Sao in Gariaband: डिप्टी CM अरुण साव गरियाबंद जिले के कोपरा गांव को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद संचालन समिति के गठन के मौके पर आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समारोह में जिले के 21 गांवों में पांच करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से निर्मित 200 मीट्रिक टन गोडाउन-सह-कार्यालय भवनों का लोकार्पण किया। साथ ही नवगठित कोपरा नगर पंचायत के विकास के लिए 50 लाख रुपए और राजिम नगर के विकास के लिए दो करोड़ रुपए देने की घोषणा की।

यह भी पढ़ें:- स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने मलेरिया पीड़ित मरीजों से की मुलाकात, कहा- नए भवन और सेटअप की सौगात बहुत जल्द

डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि ये दिन कोपरावासियों के लिए बहुत ही ऐतिहासिक और गौरवशाली है। मैं यहां के सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सभी वर्गों के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत जो वादे किए गए थे, उन वादों पर सरकार बनते ही अमल शुरू कर दिया गया है। इनका सीधा लाभ पात्र हितग्राहियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कोपरा ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बना है। इसके सुव्यवस्थित विकास के लिए किसी भी प्रकार की राशि की कमी नहीं आएगी। (Arun Sao in Gariaband)

डिप्टी CM ने कहा कि कोपरा को योजनाबद्ध तरीके से एक नया शहर बनाएंगे। इसके लिए हमें 50 सालों की कार्ययोजना बनाकर काम करने की आवश्यकता है। यहां सुव्यवस्थित सड़क, सीसी रोड, नाली, बिजली, पेयजल, चिकित्सालय, स्कूल समेत अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद प्रदेश के नगरीय निकायों में अलग-अलग निर्माण और विकास कार्यों के लिए 1500 करोड़ रुपए दिए गए हैं। डिप्टी CM साव ने समारोह में ‘बिहान’ दीदियों को बैंक लिकेंज ऋण, लीड बैंक द्वारा स्वीकृत ट्रेक्टर लोन, दिव्यांगों को श्रवण यंत्र और व्हीलचेयर और मछली पालकों को जाल समेत आइस-बाक्स प्रदान किया। (Arun Sao in Gariaband)

उन्होंने किसानों को स्वाइल हेल्थ कार्ड, क्रेडिट कार्ड, अरहर बीज, विशेष पिछड़ी जनजाति के किसानों को पीएम किसान अंतर्गत प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य विभाग के हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और सिकलसेल कार्ड भी वितरित किए। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और शिशुवती माताओं के बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया गया। अभिनंदन समारोह में राजिम के विधायक रोहित साहू ने नगर पंचायत का दर्जा मिलने और संचालन समिति के गठन पर कोपरावासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह हम सब के लिए गौरव का क्षण है। नगर पंचायत के विकास के लिए सरकार द्वारा सभी विकास कार्य कराए जाएंगे। पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने भी समारोह को संबोधित किया। (Arun Sao in Gariaband)

Back to top button
error: Content is protected !!