Raipur Crime News : 30 लाख की धोखाधड़ी और हत्या का पुलिस ने किया खुलासा : वकील पति-पत्नी समेत चार आरोपी गिरफ्तार, पढ़ें पूरी खबर

Raipur Crime News : डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पेशे से वकील आरोपी ने अपनी पत्नी सहित मिलकर 30 लाख रुपए के विवाद में पक्षकार की हत्या कर शव को टिन की पेटी में सीमेंट डालकर सुनसान इलाके में फेंक दिया। मामले में चार आरोपियों को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh Minerals : छत्तीसगढ़ की खनिज विविधता है देश की आर्थिक समृद्धि का आधार: खनिज सचिव पी. दयानंद
क्या है मामला
दिनांक 23 जून को रायपुरा स्थित वंडरलैंड वाटर पार्क के पीछे डिपरापारा नाले के पास एक टिन की पेटी से बदबू आने की सूचना पर डी.डी. नगर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट मौके पर पहुंची। जांच में पेटी के अंदर एक लाल रंग के ट्राली बैग में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, जिसके ऊपर सीमेंट डाला गया था और दोनों पैर बंधे हुए थे। मामला अंधे कत्ल का प्रतीत हुआ।
तकनीकी साक्ष्य और जांच का दायरा
पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर तत्काल 5 टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने, आसपास पूछताछ, फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने, पेटी के स्रोत की जांच और साइबर एनालिसिस के बाद मृतक की पहचान किशोर पैकरा (58) निवासी हांडीपारा एचएमटी चौक के रूप में हुई।
हत्या की साजिश और धोखाधड़ी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अंकित उपाध्याय (31), पेशे से वकील है और जमीन-मकान के सौदों में भी संलिप्त था। मृतक किशोर पैकरा उसका पक्षकार था, जिसने 2015 में आजाद चौक स्थित मकान 50 लाख में बेचा, लेकिन कब्जा न देकर कोर्ट केस कर दिया। इसी बीच आरोपी अंकित ने मृतक से हाईकोर्ट में मदद करने के बहाने मोटी रकम ली और मृतक का एक अन्य मकान 30 लाख में बेचकर रकम हड़प ली।
पैसे वापस मांगने पर परेशान होकर अंकित ने अपनी पत्नी शिवानी शर्मा (24) के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। फर्जी आधार कार्ड बनवाकर अल्टो कार खरीदी गई। हत्या के लिए इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये का मकान लिया गया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
21 जून को अंकित मृतक को बहाने से अपने किराये के मकान में ले गया। वहां पत्नी शिवानी शर्मा भी पहुंची। दोनों ने मिलकर मृतक का गला दबाया, चाकू से वार कर उसकी हत्या की। शव को ट्राली बैग में रखा, ऊपर परफ्यूम छिड़का। अगले दिन टिन की पेटी में शव बंद कर दिया। सीमेंट डालकर बदबू को छिपाने का प्रयास किया। वजन ज्यादा होने से सूर्यकांत यदु (21) और विनय यदु (23) की मदद ली गई। चारों ने मिलकर शव को सुनसान नाले के पास फेंका।
दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी
घटना के बाद आरोपी पति-पत्नी फ्लाइट से दिल्ली फरार हो गए। रायपुर पुलिस की सूचना पर दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंडिंग के साथ ही आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। रायपुर क्राइम ब्रांच की टीम दिल्ली पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर रायपुर लाई। (Raipur Crime News)
बरामदगी और केस दर्ज
आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त अल्टो कार (CG 04 B 7744), दो दोपहिया वाहन, पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए। थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 255/25 के तहत धारा 103(1), 238क, 61(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी
अंकित उपाध्याय (31) निवासी सत्यम विहार कॉलोनी, रायपुरा।
शिवानी शर्मा (24) पत्नी अंकित उपाध्याय, सत्यम विहार कॉलोनी।
विनय यदु (23) निवासी यादवपारा, रायपुरा।
सूर्यकांत यदु (21) निवासी महादेवघाट, रायपुरा।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की अहम भूमिका
फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. भास्कर बनर्जी, अंगेश मौर्य, अजय साहू सहित टीम ने साक्ष्य संकलित किए। पूरी कार्रवाई में डी.डी. नगर थाना प्रभारी एस.एन. सिंह, साइबर यूनिट प्रभारी परेश पाण्डेय और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने पूरे मामले का सफल खुलासा करने वाली टीम को नगद इनाम देने की घोषणा की है। (Raipur Crime News)



