KK railway landslide : केके रेललाइन पर भूस्खलन से ट्रैक मलबे में दबा, यात्री ट्रेनें रद्द, बहाली में 24 घंटे से ज्यादा लग सकते हैं

KK railway landslide : जगदलपुर: बुधवार को ओडिशा के मल्लीगुड़ा-जरती स्टेशन के बीच किरंदुल-कोत्तावालसा (केके) रेललाइन पर भारी भूस्खलन हुआ, जिससे रेलवे ट्रैक मलबे में दब गया। यह घटना कोरापुट सेक्शन के अंतर्गत दोपहर लगभग 3:30 बजे हुई, जब क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी। भूस्खलन के कारण करीब 50 मीटर क्षेत्र में मलबा पटरी पर जमा हो गया, जिससे इस रूट पर सभी यात्री ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया है।
विशाखापत्तनम से किरंदुल जा रही पैसेंजर ट्रेन को घटनास्थल से पहले ही रोक लिया गया, वहीं जगदलपुर से राउरकेला जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस को जैपुर में रद्द कर दिया गया। वाल्टेयर रेलमंडल के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के. संदीप ने बताया कि घटनास्थल पर अधिकारियों की टीम तुरंत रवाना की गई, साथ ही रायगढ़ा से हिल गैंग्स को बुलाया गया है, जो ट्रैक की बहाली का कार्य शुरू कर चुके हैं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पिछली बार 13 सितंबर 2023 को भी इसी सेक्शन में मलबा गिरने से 14 दिनों तक रेल परिचालन बाधित रहा था। हालांकि, इस बार नुकसान उतना गंभीर नहीं है, और संभावना है कि गुरुवार शाम तक रूट बहाल हो जाएगा। (KK railway landslide)
इस खंड में ट्रैक अनंतगिरी घाट और 57 सुरंगों से होकर गुजरता है, जो इसे और अधिक संवेदनशील बनाता है। मानसून के दौरान यहां भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं आम हैं। पिछले 5 वर्षों में 17 बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। (KK railway landslide)
रेलमार्ग बाधित होने के चलते किरंदुल-विशाखापत्तनम नाइट एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड एक्सप्रेस (दोनों दिशाओं में) को बुधवार को रद्द कर दिया गया। हावड़ा-जगदलपुर समलेश्वरी एक्सप्रेस को कोरापुट में रोक दिया गया है और गुरुवार को यहीं से हावड़ा के लिए रवाना किया जाएगा। ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है।(KK railway landslide)
यह भी पढ़ें :- इंफोसिस कैंपस में महिला सहकर्मियों का गुप्त वीडियो बनाता पकड़ा गया युवक, 30 अश्लील क्लिप बरामद



