Bilaspur student death: तेज बहाव वाले नाले में बहने से 15 वर्षीय छात्र की मौत, दोस्तों को नहीं चला पता
Bilaspur student death : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दुखद घटना में 15 वर्षीय छात्र की नाले में बहकर मौत हो गई। यह घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रिंगवार की है। मृतक छात्र की पहचान जितेंद्र पैकरा के रूप में हुई है, जो नवमीं कक्षा का छात्र था। वह गुरुवार दोपहर दोस्तों के साथ गांव के बरसाती नाले में नहाने गया था, जहां तेज बहाव में बहकर झाड़ियों में फंस गया और डूब गया।
परिजनों के अनुसार, जितेंद्र ने घर से खेलने जाने की बात कहकर निकला था। बाद में वह अपने दोस्तों के साथ गांव के नाले में नहाने गया। नहाते समय उसका पैर पानी में मौजूद बेशरम की झाड़ियों में फंस गया और वह बाहर नहीं निकल पाया। घटना के समय उसके दोस्तों को कोई भनक नहीं लगी कि वह पानी में बह गया है।
नहाने के बाद जब अन्य दोस्त बाहर निकले और जितेंद्र को वहां नहीं पाया, तो उन्होंने आसपास उसकी तलाश शुरू की। जब काफी देर तक वह नहीं मिला, तो उन्होंने उसके परिजनों को सूचना दी। (Bilaspur student death)
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई। देर शाम ग्रामीणों और पुलिस की मदद से उसकी लाश झाड़ियों में फंसी हुई मिली। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है और पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। (Bilaspur student death)
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे नालों में तेज बहाव है। जिस नाले में बच्चे नहा रहे थे, वहां भी जलस्तर और प्रवाह सामान्य से अधिक था, जिससे यह हादसा हुआ।
यह घटना एक बार फिर बारिश के मौसम में नदियों और नालों के आसपास बच्चों के जाने की गंभीरता को उजागर करती है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। (Bilaspur student death)
यह भी पढ़ें :- Raipur schoolgirl murder : दूसरे लड़के से बात करती हो कहकर 10वीं की छात्रा की हत्या, आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार



