छत्तीसगढ़ में रेत की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी, निर्माण कार्य महंगे, आम जनता पर सीधा असर
Sand Price in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में रेत की कीमतों में पिछले एक महीने में तेज़ उछाल दर्ज किया गया है, जिससे प्रदेश भर में निर्माण कार्यों की लागत में अप्रत्याशित वृद्धि हो गई है। पहले जहां रेत 11 से 13 रुपये प्रति फुट मिल रही थी, वहीं अब यह दर 18 से 20 रुपये प्रति फुट तक पहुंच गई है। जानकारों का कहना है कि यदि स्थिति ऐसी ही रही तो रेत की कीमतें जल्द ही 40 रुपये प्रति फुट तक भी जा सकती हैं।
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की बैठक, मानसून सत्र से पहले अहम फैसलों की संभावना
एक सामान्य हाईवा ट्रक में लगभग 800 फुट रेत लोड होती है, जिससे एक ट्रिप की लागत में हजारों रुपये की बढ़ोत्तरी हो रही है। साथ ही लाल ईंट और गिट्टी की कीमतों में भी क्रमशः 20–30 पैसे प्रति ईंट और गिट्टी दरों में बढ़ोतरी देखी गई है। यह वृद्धि ऐसे समय में आई है जब मानसून के दौरान प्लास्टर, टाइल्स और इंटीरियर कार्य आमतौर पर अधिक होते हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है।
रेत घाट बंद, अवैध भंडारण ने बिगाड़ी सप्लाई चेन
जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग ने 15 जून से प्रदेश के सभी रेत घाटों पर उत्खनन और परिवहन पर रोक लगा दी थी। इसके पहले ही व्यापक पैमाने पर रेत का भंडारण कर लिया गया, जिसमें कई स्थानों पर अवैध भंडारण की शिकायतें सामने आई हैं।
बलौदाबाजार, महासमुंद और धमतरी जिलों में अवैध उत्खनन और भंडारण की शिकायतें सबसे अधिक हैं। वहीं, रायपुर के आरंग विकासखंड में अवैध स्टॉक पकड़े जाने के बावजूद रेत की ब्लैक मार्केटिंग की खबरें जारी हैं।
कीमतें और बढ़ने की आशंका, नीति पर उठे सवाल
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि 15 अक्टूबर तक रेत घाटों पर रोक जारी रही, तो रेत की कीमतें और बढ़ सकती हैं। इससे आवासीय, व्यावसायिक और सरकारी निर्माण परियोजनाएं प्रभावित होंगी।
वहीं, खनिज नीति पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारों का कहना है कि नई सरकार ने अब तक पूर्ववर्ती सरकार की नीलामी नीति को ही बरकरार रखा है, जिससे मौजूदा संकट उत्पन्न हुआ है। (Sand Price in Chhattisgarh)
उद्योग जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि रेत की सप्लाई जल्द बहाल नहीं की गई, तो स्थानीय निर्माण उद्योग ठहर सकता है, और इससे जुड़े हज़ारों मज़दूरों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है। (Sand Price in Chhattisgarh)



