Video of Drug Consumption in Raipur : निजी होटल में ड्रग्स सेवन का वीडियो वायरल, सियासी संग्राम तेज
Video of Drug Consumption in Raipur: राजधानी रायपुर स्थित एक निजी होटल से जुड़ा ड्रग्स सेवन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राज्य की सियासत में भूचाल आ गया है। वीडियो में एक युवती को 500 रुपए के नोट पर सफेद पाउडर की लाइन बनाकर उसका सेवन करते हुए देखा जा सकता है, जिससे यह संदेह जताया जा रहा है कि यह प्रतिबंधित मादक पदार्थ हो सकता है।
यह भी पढ़े :- Saddu murder case: सद्दू में युवक की निर्मम हत्या, सर पर पत्थर पटककर उतारा मौत के घाट, मुख्य आरोपी अर्जुन फरार
वीडियो सामने आने के साथ ही सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है।
पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “यह सरकार ड्रग्स माफियाओं को संरक्षण दे रही है। युवा वर्ग को नशे की गर्त में धकेला जा रहा है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।” उन्होंने सवाल उठाया कि “डबल इंजन सरकार में ड्रग्स प्रदेश में आ कैसे रही है?” साथ ही, वीडियो में दिख रही युवती और होटल की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को “राजनीति से प्रेरित” बताते हुए पलटवार किया है। भाजपा के संगठन महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा, “कांग्रेस को आरोप लगाने से पहले यह देखना चाहिए कि कहीं वीडियो में नजर आ रहे लोग उसी के समर्थक तो नहीं हैं।” उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में ही ड्रग्स नेटवर्क की जड़ें गहरी हुईं, जबकि वर्तमान सरकार “ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस” की नीति पर सख्ती से अमल कर रही है। (Video of Drug Consumption in Raipur)
इस बीच, पुलिस और साइबर सेल ने वायरल वीडियो की सत्यता, स्रोत और वीडियो में शामिल व्यक्तियों की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और युवती सहित सभी संदिग्धों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। (Video of Drug Consumption in Raipur)



