हम किसी को उकसाते नहीं…हमें कोई उकसाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Defence Minister Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने MP के उमरिया में BEML के ‘ब्रह्मा’ ग्रीनफील्ड रेल मैन्युफैक्चरिंग हब की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर इस बात का प्रमाण है कि भारत स्वदेशी शक्ति से अपने दुश्मनों को परास्त करने में सक्षम है। यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर हुए जघन्य और कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले का करारा जवाब था। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की निर्णायक प्रतिक्रिया ने एक कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है कि देश अब अपनी अखंडता और संप्रभुता पर किसी भी हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने आगे कहा कि हम किसी को उकसाते नहीं हैं, लेकिन जो हमें उकसाते हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें:- जल्द हो सकता है अगला युद्ध, ऑपरेशन सिंदूर के लिए फ्रीहैंड मिला था: आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी
ऑपरेशन सिंदूर को भारत की आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का प्रतीक बताते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि सशस्त्र बलों ने स्वदेशी हथियारों का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया, जिसने इस ऑपरेशन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि भारत इस मुकाम तक केवल इसलिए पहुंच पाया, क्योंकि देश ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया था। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवर्तनकारी नेतृत्व और दूरदर्शिता की सराहना की। साथ ही कहा कि आज भारत न केवल अपनी धरती पर उपकरण बना रहा है, बल्कि मित्र देशों की सुरक्षा जरूरतों को भी पूरा कर रहा है। (Defence Minister Rajnath Singh)

उन्होंने कहा कि हमारा रक्षा उत्पादन और निर्यात अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहा है और रिकॉर्ड आंकड़े प्राप्त कर रहा है। यह नए भारत का नया रक्षा क्षेत्र है। बता दें कि वित्त वर्ष 2024-25 में वार्षिक रक्षा उत्पादन बढ़कर 1.51 लाख करोड़ रुपए के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया और रक्षा निर्यात 23,622 करोड़ रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगभग 6.5 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है और देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने आगे कहा कि “डबल इंजन वाली सरकार” अर्थव्यवस्था को और भी तेज गति से आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर भरोसा जताया। (Defence Minister Rajnath Singh)

बता दें कि 148 एकड़ में बनने वाला यह ब्रह्मा रेल हब दो साल में तैयार होगा। बीईएमएल इस पर चरणबद्ध तरीके से 1,800 करोड़ रुपए निवेश करेगी। शुरुआत में हर साल 125–200 कोच बनेंगे, जो पांच साल में बढ़कर 1,100 कोच सालाना हो जाएंगे। यहां वंदे भारत ट्रेन सेट, मेट्रो कोच, हाई-स्पीड रेल कोच और अन्य आधुनिक ट्रेनें बनेंगी। इससे 5,000 से ज्यादा लोगों को सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा, स्थानीय उद्योग और एमएसएमई को बढ़ावा मिलेगा, खासतौर पर सिंगरौली, सतना, रीवा और कटनी जिलों में। यह हब पर्यावरण के अनुकूल होगा, जिसमें सोलर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और ग्रीन लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं होंगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘ब्रह्मा’ जैसी परियोजनाएं भारत को औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी मजबूत करेंगी। (Defence Minister Rajnath Singh)



