ऑपरेशन सिंदूर तीनों सेनाओं की एकजुटता का सबूत, युद्ध में सफल होने के लिए बड़े बदलावों को समझना जरूरी: CDS जनरल अनिल चौहान

CDS General Anil Chauhan: हैदराबाद के सिकंदराबाद के कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट (CDM) में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने 21वें उच्च रक्षा प्रबंधन पाठ्यक्रम (HDMC) के कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान CDS चौहान ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की जीत, थल सेना, नौसेना और वायु सेना के बेहतरीन तालमेल और एकजुटता का उदाहरण है। CDS ने कहा कि आधुनिक, तकनीक-आधारित युद्ध में सफल होने के लिए आत्मनिर्भरता, क्षमता विकास और सेना में चल रहे बड़े बदलावों को समझना जरूरी है। उन्होंने भविष्य में संयुक्त अभियानों को और मजबूत बनाने की योजना पर भी चर्चा की। जनरल चौहान ने ‘राष्ट्रीय सुरक्षा संरचना और उच्च रक्षा प्रबंधन’ पर व्याख्यान देते हुए बताया कि भारत के रक्षा संगठन ने कैसे विकास किया है और अब यह किन सुधारों पर काम कर रहा है।
यह भी पढ़ें:- हम किसी को उकसाते नहीं…हमें कोई उकसाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
उन्होंने थिएटर कमांड, राष्ट्रीय सुरक्षा समितियों के काम और तीनों सेनाओं की संयुक्त क्षमता बढ़ाने की योजनाओं पर जोर दिया। इस मौके पर CDS ने ‘एकीकृत रसद के लिए संयुक्त प्राइमर’ नामक एक गाइड भी लॉन्च की। उन्होंने कहा कि रसद (Logistics) किसी भी सैन्य अभियान की रीढ़ है और तीनों सेनाओं में रसद प्रक्रियाओं का एकीकरण रणनीतिक लक्ष्यों के लिए जरूरी है। यह गाइड रसद के आधुनिकीकरण, डिजिटलीकरण, साझा संसाधन और राष्ट्रीय रसद ढांचे से जुड़ाव पर केंद्रित है। CDS ने CDM में स्मार्ट ई-साइकिल शेयरिंग सुविधा का भी उद्घाटन किया। यह सुविधा कर्मचारियों को रोजाना आने-जाने के लिए पर्यावरण-अनुकूल ई-साइकिल मुहैया कराएगी, जिससे कार्बन उत्सर्जन घटेगा। यह प्रोजेक्ट CDM और स्मार्ट बाइक मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से शुरू किया गया है। (CDS General Anil Chauhan)

CDM के कमांडेंट मेजर जनरल हर्ष छिब्बर ने बताया कि यह संस्थान वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को 44 हफ्तों के पाठ्यक्रम के जरिए नेतृत्व और प्रबंधन कौशल सिखाता है। इस बैच में 167 अधिकारी शामिल हैं, जिनमें 12 मित्र देशों के अधिकारी भी हैं, जो भारत के क्षेत्रीय सहयोग और सैन्य कूटनीति के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाता है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने MP के उमरिया में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर इस बात का प्रमाण है कि भारत स्वदेशी शक्ति से अपने दुश्मनों को परास्त करने में सक्षम है। यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर हुए जघन्य और कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले का करारा जवाब था। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की निर्णायक प्रतिक्रिया ने एक कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है कि देश अब अपनी अखंडता और संप्रभुता पर किसी भी हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने आगे कहा कि हम किसी को उकसाते नहीं हैं, लेकिन जो हमें उकसाते हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। (CDS General Anil Chauhan)



