Google Analytics —— Meta Pixel

मुझे सत्तारूढ़ पार्टी से मिल रहा ऑफर, मैं शरणागत नहीं होऊंगा: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

EX CM Bhupesh Baghel: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सत्तारूढ़ पार्टी यानी भारतीय जनता पार्टी से ऑफर मिलने का दावा किया है। दरअसल, पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया है, जिसे लेकर बघेल ने कहा कि भाजपा ये सारे काम भयादोहन करने के लिए कर रही है। कार्रवाई के बदले में वे उन्हें सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल होने का ऑफर देते हैं, जिन्होंने ऑफर स्वीकार कर लिया उनके खिलाफ चल रहे सारे मामले बंद कर दिए गए। मुझे भी यही ऑफर दिया गया था, मुझसे भी उम्मीद की जा रही थी कि मैं भी भारतीय जनता पार्टी में चला जाऊं। शरणागत हो जाऊं, लेकिन यह मुमकिन नहीं। क्योंकि जो डरने वाले थे वह शरणागत हो गए। 

यह भी पढ़ें:- 21वीं सदी का भारत विकसित होने के लिए जितना अधीर है, उतना ही संवेदनशील भी है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 

उन्होंने कहा कि मैं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा नहीं हूं। मैं शरणागत नहीं होऊंगा। देश और प्रदेश की जनता जान चुकी है कि राजनीतिक लाभ लेने के लिए ऐसी कार्रवाई हो रही है। यह लोकतंत्र और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश है, लेकिन जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी। इस पर डिप्टी CM अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वो मुगालते में न रहें। भूपेश बघेल का बयान बताता है कि अपनी पार्टी में अपना स्थान सुरक्षित रखने के लिए ऐसा बयान दे रहे हैं, जबकि ऐसी कोई बात नहीं है। कांग्रेस के हालात ऐसे है कि भूपेश बघेल को अपनी प्रतिबद्धता दिखानी पड़ रही है। (EX CM Bhupesh Baghel)

कानून सबके लिए है, कोई कुछ भी बोलें: CM साय

वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया है, जो भी अपराध में फंसेगा, कानूनी प्रक्रिया तो होगी। कानून सबके लिए है, कोई कुछ भी बोलें। 15 नवंबर 2023 को रायपुर पहुंचे असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भूपेश बघेल पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि दूसरे के ऊपर उंगली उठाने से उनका पाप नहीं धुलेगा। वो पाप मां गंगा भी साफ नहीं करेगी। अपने कार्यकाल में उन्होंने ED और CBI को जांच करने नहीं दिया, बल्कि दूसरे पर सवाल उठाते रहते हैं। भूपेश बघेल के पास जाओ तो कौन-कौन भ्रष्टाचारी है वह उसकी लिस्ट बना देते हैं। 508 करोड़ रुपए आपने खाया। फिर महादेव का भी नाम इस्तेमाल किया। हिंदू को भी बदनाम कर रहे हैं। मैं आपसे कोई सवाल पूछूं तो आप मेरे ऊपर सवाल खड़े करते हैं। भूपेश बघेल किसी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर है क्या, जो लिस्ट गिनाते हैं। (EX CM Bhupesh Baghel)

Back to top button
error: Content is protected !!