रायपुर से कोरबा और जांजगीर-चांपा तक स्टंटबाजों पर एक्शन, फिर भी नहीं थम रहा खतरनाक स्टंट का खेल

Action on Stunt Bikers: राजधानी रायपुर में ट्रैफिक पुलिस ने स्टंटबाजों पर बड़ी कार्रवाई की है। नवा रायपुर में की गई इस विशेष कार्रवाई में पुलिस ने 128 बाइक और 6 कार चालकों को पकड़ा। पांच थाना क्षेत्रों की पुलिस ने मिलकर यह अभियान चलाया। पुलिस की कार्रवाई में कई बाइकर्स गैंग और सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले युवक शामिल है। स्टंट के दौरान एक युवक बाइक से गिरकर घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अपील की है कि स्टंटबाजी कर सोशल मीडिया में न डालें। इससे कई युवक भी स्टंट करते हैं।
यह भी पढ़ें:- लव मैरिज के बाद पत्नी लापता, बिलासपुर हाईकोर्ट ने दिया सख्त आदेश
पुलिस ने साफ कहा कि स्टंटबाजी कर वीडियो सोशल मीडिया में डालना बहुत खतरनाक है। इससे दूसरे युवक भी गुमराह होकर जानलेवा स्टंट करने लगते हैं। वहीं कोरबा में स्वतंत्रता दिवस पर भी हुड़दंगी बाइकर्स ने जमकर उत्पात मचाया है। SECL कॉलोनी और मानिकपुर चौकी क्षेत्र में दर्जनों बाइकर्स ने मॉडिफाइड साइलेंसर से धमाका कर पटाखे फोड़े और लोगों की शांति भंग की, लेकिन उनकी यह हरकत उस समय भारी पड़ गई जब वे मुडापार हेलीपैड के पास ही पटाखों से शोर मचा रहे थे। उसी समय वहां नजदीकी स्वामी आत्मानंद स्कूल में कलेक्टर अजीत वसंत, एसपी सिद्धार्थ तिवारी और वन विभाग के अधिकारी पौधारोपण कार्यक्रम में मौजूद थे। शोर सुनकर तुरंत पुलिस और वनकर्मियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस को देखते ही बाइकर्स में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन 8 आरोपी पकड़े गए। (Action on Stunt Bikers)

पुलिस ने उनका पैदल जुलूस निकाला और मानिकपुर चौकी ले जाकर बाइकों के मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए। इधर, जांजगीर-चांपा के पामगढ़ क्षेत्र में स्टंटबाज युवकों का खतरनाक कारनामा सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। शराब के नशे में धुत युवक स्कॉर्पियो की बोनट पर बैठकर बीच सड़क पर खुलेआम स्टंटबाजी करते नजर आए। मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े की गई इस हरकत का वीडियो देखते ही देखते आग की तरह फैल गया। लगातार पुलिस कार्रवाई के बावजूद स्टंटबाजों में कानून का कोई डर नजर नहीं आता है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में न सिर्फ चालान और बाइक जब्ती की कार्रवाई होगी, बल्कि जरूरत पड़ी तो युवकों पर आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए जाएंगे। (Action on Stunt Bikers)




