PCC चीफ दीपक बैज ने मंत्रिमंडल विस्तार पर कसा तंज, कहा- वरिष्ठ नेताओं की हुई उपेक्षा
Baij on Cabinet Expansion: PCC चीफ दीपक बैज ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। साथ ही तीनों नए मंत्रियों को बधाई दी, लेकिन यह भी कहा कि तीनों ही मुख्यमंत्री की पसंद के नहीं हैं।
यह भी पढ़ें:- पूर्व CM भूपेश बघेल ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर साधा निशाना, कहा- नए चेहरों को पकड़ाया गया झुनझुना
बैज ने कहा कि एक मंत्री अडानी खेमे से हैं। दूसरा संघ की पसंद से और तीसरे को विधानसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक सौदेबाजी में जगह मिली है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री होने के बावजूद आधा दर्जन से ज्यादा वरिष्ठ बीजेपी विधायक मंत्री नहीं बन पाए। बैज ने कहा कि वरिष्ठता, अनुभव और सक्रियता को नजरअंदाज कर दिया गया है। इससे स्पष्ट है कि वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा हुई है और पार्टी के भीतर अंतर्कलह बढ़ेगा।
वरिष्ठ नेताओं को मार्गदर्शक मंडल में डाला: बैज
दीपक बैज ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार कर मार्गदर्शक मंडल में डाल दिया गया है। यह सरकार के लिए खतरे की घंटी है और आज से सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। विधायक अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक की अनुपस्थिति को लेकर भी बैज ने तंज कसा। (Baij on Cabinet Expansion)
अजय चंद्राकर मौजूद नहीं रहे: PCC चीफ दीपक बैज
उन्होंने कहा कि इतना महत्वपूर्ण दिन होने के बावजूद अजय चंद्राकर मौजूद नहीं रहे और धरमलाल कौशिक को भी बाहर रखा गया। इसका मतलब साफ है कि उनकी उपेक्षा की गई है। बैज ने कहा कि कई वरिष्ठ नेता तो शूट सिलवाकर बैठे थे, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला। नाराजगी स्वाभाविक है और सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। (Baij on Cabinet Expansion)



