स्कूली बच्चों को कुत्ते का जूठा खाना खिलाने का मामला, हाईकोर्ट ने सभी बच्चों को 25-25 हजार रुपए देने के दिए आदेश
Mid Day Meal Case: बिलासपुर हाईकोर्ट ने बलौदाबाजार जिले के लच्छनपुर सरकारी मिडिल स्कूल में कुत्ते का जूठा मध्याह्न भोजन परोसने के मामले में राज्य सरकार को बड़ा आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि इस गंभीर लापरवाही की वजह से बच्चों की जान पर खतरा हुआ है। इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि प्रभावित प्रत्येक छात्र को एक महीने के भीतर 25 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाए।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, 28 जुलाई 2025 को लच्छनपुर मिडिल स्कूल में मिड-डे मील परोसने से पहले खाने को एक कुत्ते ने जूठा कर दिया था। इसके बाद भी उसी खाने को छात्रों को परोस दिया गया था। मामला मीडिया में आने के बाद हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य शासन से जवाब मांगा था। दूषित खाना परोसने के बाद स्कूल के 84 छात्रों को एंटी-रेबीज की तीन-तीन डोज लगाई गई है। कोर्ट ने इस घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बी.डी. गुरु की खंडपीठ ने कहा कि मिड-डे मील जैसी योजना में किसी भी तरह की लापरवाही अस्वीकार्य है। (Mid Day Meal Case)
यह भी पढ़ें:- हाथी के हमले से सालिक राम टोप्पो की मौत, 6 महिलाओं ने खुद को बताया मृतक की पत्नी, मुआवजे पर महासंग्राम
कोर्ट ने कहा कि राज्य सरकार और स्वयं सहायता समूह को मिड-डे मील की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन लापरवाही के कारण दूषित भोजन छात्रों को परोस दिया गया। यह बच्चों की सेहत और जीवन के साथ खिलवाड़ है। हम यह उचित समझते हैं कि राज्य सरकार प्रत्येक प्रभावित छात्र को 25,000 का मुआवजा दे और भविष्य में पूरी सतर्कता बरते। हाईकोर्ट ने कहा कि भविष्य में मिड-डे मील योजना के संचालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही कहा कि हमें आशा और विश्वास है कि राज्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने में ज्यादा सतर्क और सावधान रहे। (Mid Day Meal Case)



