छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर दोहरी सफलता, दो जिलों में 29 नक्सलियों ने किया सरेंडर, पढ़ें पूरी खबर

Naxalite Surrender in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले में कुल 29 नक्सलियों ने सरेंडर किया है, जिनमें कई इनामी नक्सली, संगठन का डॉक्टर और महिला नक्सली भी शामिल हैं। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुरिया के सामने 8 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इन पर कुल 30 लाख रुपए का इनाम घोषित था। सरेंडर करने वालों में 2 महिला नक्सली भी शामिल हैं। सभी नक्सली कुतुल एरिया कमेटी से जुड़े थे, जो लंबे समय से सक्रिय थे। इनमें संगठन की डॉक्टर टीम का अहम सदस्य सुखलाल भी शामिल है, जिससे नक्सली संगठन को बड़ा झटका माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- स्कूली बच्चों को कुत्ते का जूठा खाना खिलाने का मामला, हाईकोर्ट ने सभी बच्चों को 25-25 हजार रुपए देने के दिए आदेश
SP रॉबिंसन गुरिया ने इसे नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता बताया और कहा कि इनामी नक्सलियों का सरेंडर हमारे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे अबूझमाड़ क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा। सुरक्षाबलों की लगातार रणनीतिक कार्रवाई और पुनर्वास नीति के चलते अब नक्सली भी मुख्यधारा में लौटने लगे हैं। प्रशासन ने सरेंडर करने वाले सभी नक्सलियों को शासन की पुनर्वास योजना का लाभ देने की घोषणा की है। वहीं दंतेवाड़ा जिले में लोन वर्राटू और पूना मारगेम अभियान के असर से 21 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। 13 नक्सलियों पर 25 लाख 50 हजार रुपए का इनाम था। (Naxalite Surrender in Chhattisgarh)
अलग-अलग मुठभेड़ों में शामिल थे नक्सली
सभी आत्मसमर्पित नक्सली अलग-अलग मुठभेड़ों, नक्सली बंद सप्ताह के दौरान सड़क खोदने, पेड़ काटने और बैनर-पोस्टर लगाने जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। सरेंडर करने वालों में 8 लाख का इनामी केये उर्फ केशा लेकाम और 2 महिला नक्सली भी शामिल हैं। एडिशनल एसपी उदित पुष्कर ने बताया कि सिर्फ दंतेवाड़ा जिले में लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 267 इनामी समेत 1042 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। बता दें कि छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार आने के बाद से नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। शायद इसी का असर है कि नक्सली मुख्यधारा में लगातार लौट रहे हैं। (Naxalite Surrender in Chhattisgarh)



