राजनांदगांव में आसमान से गिरी रहस्यमयी मशीन, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

Mysterious Machine in Rajnandgaon: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक के पारागांव खुर्द गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक आसमान से एक रहस्यमयी मशीन गांव के खेत में आकर गिर पड़ी। दोपहर में हुए तेज धमाके के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने धातु जैसी संरचना वाला उपकरण देखा, जिस पर अंग्रेजी में “Upper Weather Atmosphere, Meteorological Department” और “South Africa Manufacturing” लिखा हुआ था। लिखावट से संकेत मिलता है कि यह किसी अंतरराष्ट्रीय रिसर्च प्रोजेक्ट का हिस्सा हो सकता है। ग्रामीणों में इस रहस्यमयी वस्तु को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई। कोई इसे अंतरिक्ष यान का हिस्सा बता रहा था तो कोई मौसम विभाग का उपकरण।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर दोहरी सफलता, दो जिलों में 29 नक्सलियों ने किया सरेंडर, पढ़ें पूरी खबर
वहीं मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने मशीन को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। जिला प्रशासन का कहना है कि विशेषज्ञों की टीम की जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह वस्तु वास्तव में क्या है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह वस्तु संभवतः Weather Balloon यानी मौसमी गुब्बारा या Atmospheric Sensor का हिस्सा है। इस तरह के उपकरणों का उपयोग ऊपरी वायुमंडल में तापमान, वायु दाब, नमी और हवा की गति मापने के लिए किया जाता है। गुब्बारे के फटने के बाद यह उपकरण जमीन पर गिर जाता है। (Mysterious Machine in Rajnandgaon)
विशेषज्ञों का मानना
विशेषज्ञों का मानना है कि यह रेडियोसोंडे है। यह एक छोटा, बैटरी से चलने वाला वैज्ञानिक यंत्र होता है, जिसे हीलियम या हाइड्रोजन से भरे गुब्बारे के साथ छोड़ा जाता है। यह रेडियो सिग्नल के जरिए मौसम संबंधी डेटा धरती पर मौजूद केंद्रों तक भेजता है। गुब्बारा फटने के बाद यह उपकरण जमीन पर गिर जाता है। ASP राहुल देव शर्मा ने बताया कि गांव में गिरी रहस्यमयी मशीन को कब्जे में लेकर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। यह पूरी तरह सुरक्षित प्रतीत हो रही है। वैज्ञानिकों की जांच के बाद इसकी वास्तविकता स्पष्ट हो जाएगी। जानकारों का कहना है कि इस तरह की वस्तुएं देखने में अजीब लगने के कारण ग्रामीण अक्सर घबरा जाते हैं, लेकिन यह पूरी तरह हानिरहित होती हैं और सिर्फ वैज्ञानिक उद्देश्यों के लिए ही प्रयोग की जाती हैं। (Mysterious Machine in Rajnandgaon)



