Google Analytics —— Meta Pixel

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से डॉग लवर्स और नेता खुश, जानिए किसने क्या कहा…?

Dog Lovers on SC: सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों को लेकर बड़ा फैसला सुनाया है, जिसे लेकर डॉग लवर्स और नेताओं ने खुशी जाहिर की है। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मैं आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के संशोधित निर्देशों का स्वागत करता हूं, क्योंकि यह पशु कल्याण और जन सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने की दिशा में एक प्रगतिशील कदम है। यह दृष्टिकोण न केवल करुणामय है, बल्कि वैज्ञानिक तर्क पर आधारित भी है। पशु अधिकार कार्यकर्ता और भाजपा नेता मेनका गांधी ने कहा कि मैं इस फैसले से बहुत खुश हूं। कुत्तों के काटने के पीछे केवल स्थानांतरण और डर ही कारण हैं।

यह भी पढ़ें:- सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, नसबंदी और टीकाकरण के बाद छोड़े जाएंगे आवारा कुत्ते, शेल्टर में रहेंगे हिंसक और बीमार कुत्ते 

उन्होंने कहा कि रेबीज से संक्रमित कुत्तों को छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं है, जहां तक आक्रामक कुत्तों का सवाल है तो यह अभी भी एक अस्पष्ट क्षेत्र है, क्योंकि अदालत ने यह परिभाषित नहीं किया है कि आक्रामक कुत्ता क्या है। इसे परिभाषित करने की जरूरत है। कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि हम इसका स्वागत करते हैं। हम देश में जानवरों और इंसानों को बराबर अहमियत देते हैं। प्रकृति को संतुलित बनाए रखने के लिए यह जरूरी है। मैं कहना चाहूंगी कि सुप्रीम कोर्ट को समर्पित भोजन स्थान, पर्याप्त नसबंदी, आवारा पशुओं के लिए चिकित्सा सहायता पर ध्यान देना होगा। (Dog Lovers on SC)

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि दिल्ली में लाखों की तादाद में कुत्ते हैं। ऐसे में नसबंदी जरूर एक अच्छा रास्ता हो सकता है, क्योंकि पूरे देश में लोगों को कुत्तों के काटने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नसबंदी एक बड़ी राहत हो सकती है। AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में एक ही समय पर 2 रैलियां हो रही थी। एक रैली भाजपा कर रही थी और दूसरे पशु प्रेमी रैली कर रहे थे। सुप्रीम कोर्ट ने जो टिप्पणी की है वह बहुत महत्वपूर्ण है कि MCD ने अपना काम नहीं किया है। कुत्तों को पकड़कर उनका रोगक्षमीकरण करना MCD की जिम्मेदारी है। लोगों के मन में कुत्तों के प्रति नफरत इसलिए है, क्योंकि MCD की ओर से समय रहते उनकी नसबंदी नहीं कराई। (Dog Lovers on SC)

शिवसेना(UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि मैं सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्वागत करती हूं, यह देखते हुए कि पिछला आदेश न केवल अमानवीय था, बल्कि यह उस मानवीय मूल्य के भी खिलाफ था जिस पर सभी विश्वास करते हैं। यह महत्वपूर्ण है कि आवारा कुत्तों का पालन-पोषण हो, उनका टीकाकरण हो और उनके लिए निर्धारित भोजन क्षेत्र हों। मुझे यकीन है कि हर कोई इस बात से सहमत होगा। पहले दिया गया एक गलत फैसला सुप्रीम कोर्ट ने सही कर दिया है। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि भारत में सड़कों पर रहने वाले कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का जो आदेश आया है हम उसका स्वागत करते हैं। (Dog Lovers on SC)

कुत्तों का टीकाकरण होना चाहिए: निरुपम 

निरुपम ने कहा कि हम कुत्तों से प्रेम करने वाले लोगों की भावना का भी स्वागत करते हैं, लेकिन सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्तों से अक्सर लोगों को बहुत तकलीफ होती है। आक्रामक कुत्तों से लोगों की रक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि ऐसे कुत्तों का टीकाकरण होना चाहिए। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं। फैसला पशु प्रेमियों के पक्ष में आया है, मैं सभी पशु प्रेमी भाई-बहनों को बधाई देता हूं और सुप्रीम कोर्ट का बहुत-बहुत आभारी हूं। दरअसल, SC ने कहा है कि जिन कुत्तों को पकड़ा गया है उन्हें नसबंदी और टीकाकरण के बाद ही उनके इलाके में छोड़ा जाएगा, लेकिन रेबीज से संक्रमित या आक्रामक कुत्तों को शेल्टर होम में ही रखा जाएगा। (Dog Lovers on SC)

Back to top button
error: Content is protected !!